नयी दिल्ली, 17 मार्च सरकार ने सोमवार को राज्यसभा में कहा कि भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) पिछले साल जून में दिल्ली हवाई अड्डे के टर्मिनल 1 पर छत का एक हिस्सा गिरने की घटना की जांच रिपोर्ट पर ‘डायल’ द्वारा दी गयी जानकारी पर गौर कर रहा है।
दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (डायल) राष्ट्रीय राजधानी में इंदिरा गांधी अंतराष्ट्रीय (आईजीआई) हवाई अड्डे का संचालन करता है।
नागर विमानन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने एक सवाल के लिखित जवाब में कहा कि भारी बारिश के दौरान 28 जून 2024 को आईजीआई हवाई अड्डे के टर्मिनल 1डी पर छत एक हिस्सा गिर गया था।
उन्होंने कहा कि मंत्रालय ने घटना का मूल्याकंन करने के लिए आईआईटी दिल्ली के इंजीनियरों की एक उच्च स्तरीय विशेषज्ञ समिति गठित की और उसने रिपोर्ट प्रस्तुत कर दी है।
मंत्री ने कहा, ‘‘डायल ने आईआईटी दिल्ली की जांच रिपोर्ट के निष्कर्षों पर इनपुट प्रस्तुत किए हैं। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण द्वारा डायल के उत्तर की जांच की जा रही है। डायल ने आईजीआई हवाई अड्डे के पुराने टर्मिनल 1 पर पुनर्निर्माण काम शुरू कर दिया है।’’
भारी बारिश के बीच छत का एक हिस्सा गिरने की घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई और कम से कम छह लोग घायल हो गए। मंत्री ने कहा कि डायल ने मृतक के परिवार को 20 लाख रुपये का मुआवजा दिया है।
हवाई अड्डे पर पुराने टी1 का उद्घाटन 26 फरवरी, 2009 को हुआ था।
डायल जीएमआर समूह और अन्य का संयुक्त उद्यम संघ है जिसमें राज्य के स्वामित्व वाला भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण भी शेयरधारक है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY