देश की खबरें | नोएडा में आवासीय सोसायटी की एक दीवार गिरी, चार लोगों की मौत

नोएडा (उप्र), 20 सितंबर नोएडा में मंगलवार को एक आवासीय सोसायटी की बाहरी दीवार का एक हिस्सा गिर गया, जिसके मलबे में दबकर चार लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि हादसा सेक्टर-21 स्थित जलवायु विहार में सुबह करीब 10 बजे हुआ। मलबे के नीचे 12 मजदूर दब गए थे।

मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने इस घटना पर गहरा दुख व्‍यक्‍त करते हुए घायलों के बेहतर उपचार के निर्देश दिए हैं ।

मुख्‍यमंत्री कार्यालय द्वारा किये गये एक ट्वीट में कहा गया है '' मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने जनपद गौतमबुद्धनगर में दीवार गिरने से हुई जनहानि पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर तत्काल पहुंचकर युद्धस्तर पर राहत कार्य संचालित करने के निर्देश दिए हैं।''

कार्यालय ने कहा कि आदित्‍यनाथ ने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए उनके उपचार की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।

अधिकारियों ने बताया कि आवासीय सोसायटी की दीवार के ढहे हुए हिस्से के मलबे को हटाने के लिए कई जेसीबी तैनात की गई हैं। यह दीवार एक नाले के पास थी। पुलिस और दमकल विभाग के कर्मी बचाव व राहत अभियान को अंजाम दे रहे हैं।

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (नोएडा) आशुतोष द्विवेदी ने ‘पीटीआई-’ को बताया, ‘‘ कुल 12 मजदूरों को मलबे से बाहर निकाला गया। उनमें से चार लोगों की मौत हो गई है और अन्य घायल हैं।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)