देश की खबरें | मणिपुर के एक शीर्ष पुलिस अधिकारी ने खुद को गोली मारी, हालत नाजुक
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

इम्फाल, 18 जुलाई मणिपुर के एक शीर्ष पुलिस अधिकारी ने शनिवार को दोपहर में अपने कार्यालय में कथित तौर पर खुद को गोली मार ली। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) अरविंद कुमार को घटना के बाद अस्पताल ले जाया गया।

यह भी पढ़े | राजस्थानः राज्यपाल कालराज मिश्र से मिलने सीएम अशोक गहलोत राजभवन पहुंचे: 18 जुलाई 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

मुख्य सचिव जे सुरेश बाबू सहित राज्य पुलिस के शीर्ष अधिकारी राज मेडिसिटी गये, जहां कुमार का उपचार चल रहा है।

मुख्य सचिव ने बताया कि कुमार की हालत गंभीर है, लेकिन उपचार का उन पर कुछ असर पड़ता नजर आ रहा है और उन्होंने चिकित्सकों से भी बात की है।

यह भी पढ़े | केरल के तिरुवनंतपुरम में सामुदायिक संक्रमण की हुई पुष्टी, 10 दिनों के लिए लगाया गया सख्त लॉकडाउन.

बाबू ने कहा, ‘‘उनकी हालत में सुधार होने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिये दिल्ली भेजा जाएगा। ’’

अस्पताल सूत्रों ने बताया कि चिकित्सकों ने उनका ऑपरेशन किया है।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि कुमार मणिपुर कैडर के 1992 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के अधिकारी हैं। उन्होंने मणिपुर राइफल्स कंपाउंड स्थित अपने कार्यालय में दोपहर करीब एक बजे अपनी सर्विस रिवाल्वर से कथित तौर पर खुद को गोली मार ली।

अधिकारी ने बताया कि उन्होंने अपनी ठुड्डी में गोली मारी और यह गोली उनकी खोपड़ी को भेदते हुए बाहर निकल गई।

उन्होंने कहा कि कुमार ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी जांच की जा रही है।

अधिकारी ने बताया कि कुमार को नयी दिल्ली में खुफिया ब्यूरो (आईबी) में संयुक्त निदेशक के तौर पर सेवा देने के बाद इस साल के शुरू में उनके मूल कैडर में वापस भेजा गया था।

वह राज्य में सशस्त्र पुलिस के प्रभारी थे और उन्हें पांच जुलाई को कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)