देश की खबरें | महाराष्ट्र विस से ज्योतिराव और सावित्रीबाई फुले को भारत रत्न देने की सिफारिश वाला प्रस्ताव पारित

मुंबई, 24 मार्च महाराष्ट्र विधानसभा ने सोमवार को सर्वसम्मति से एक प्रस्ताव पारित कर सिफारिश की कि केंद्र सरकार समाज सुधारकों-- महात्मा ज्योतिराव फुले और सावित्रीबाई फुले को मरणोपरांत देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित करे।

मंत्री जयकुमार रावल ने यह प्रस्ताव पेश किया, जबकि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के विधायक छगन भुजबल और कांग्रेस के विधायक विजय वडेट्टीवार ने इसके समर्थन में अपने विचार रखे।

मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने कहा कि लोगों ने फुले को दी गई ‘महात्मा’ की उपाधि को मान्यता दी है और अब ‘भारत रत्न’ राज्य की ओर से मान्यता होगा।

उन्होंने कहा, ‘‘महात्मा की उपाधि देश में हर चीज से ऊपर थी और केवल दो लोगों-- महात्मा फुले और महात्मा गांधी को यह सम्मान प्राप्त हुआ।’’

विधानसभा द्वारा प्रस्ताव पारित किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने कहा कि प्रतिष्ठित समाज सुधारकों को देश का सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार प्रदान करना जनभावना का सम्मान होगा।

उन्होंने एक बयान में कहा कि इससे पुरस्कार की प्रतिष्ठा बढ़ेगी।

यह प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित करने के लिए विधायकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए पवार ने कहा कि यह प्रस्ताव प्रगतिशील और सुधारवादी महाराष्ट्र की प्रतिष्ठा को बढ़ाता है ।

उन्होंने कहा कि महात्मा ज्योतिराव फुले और सावित्रीबाई फुले ने पुणे में लड़कियों के लिए पहला विद्यालय खोला, जिससे महिलाओं के लिए शिक्षा के द्वार खुले।

पवार ने कहा, ‘‘आज महिलाएं कृषि, शिक्षा, ज्ञान-विज्ञान, अनुसंधान, अंतरिक्ष, राजनीति और समाज सेवा जैसे विभिन्न क्षेत्रों में जिम्मेदार पदों पर हैं और देश की प्रगति में सक्रिय योगदान दे रही हैं। इस परिवर्तन का श्रेय पूरी तरह से उनके दूरदर्शी दृष्टिकोण और अथक प्रयासों को जाता है।’’

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रमुख पवार ने कहा,‘‘वंचित, हाशिए पर पड़े और बहुजन समुदायों तक शिक्षा पहुंचाने में उनका असाधारण काम अद्वितीय है। इसलिए, किसान, मजदूर और सभी नागरिक उन्हें हमेशा 'महात्मा' के रूप में स्वीकार करेंगे।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)