चंडीगढ़, 16 जून कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रताप बाजवा ने शुक्रवार को पंजाब विधानसभा अध्यक्ष को पत्र लिखकर पिछले साल राज्य सरकार गिराने की भाजपा की कथित कोशिश के तहत ‘ऑपरेशन लोटस’ के बारे में कार्रवाई रिपोर्ट पेश करने की मांग की है।
पंजाब विधानसभा का दो दिवसीय विशेष सत्र 19 और 20 जून को आयोजित किया जाना है।
पिछले साल आम आदमी पार्टी (आप) सरकार ने आरोप लगाया था कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपने ‘ऑपरेशन लोटस’ के तहत मुख्यमंत्री भगवंत मान की सरकार गिराने के लिए उसके 10 विधायकों से संपर्क करके 25-25 करोड़ रुपये देने की पेशकश की थी। इसके बाद सरकार ने विधानसभा में विश्वास प्रस्ताव पेश किया था।
पिछले साल तीन अक्टूबर को विश्वास प्रस्ताव पारित किया गया था। इस दौरान कांग्रेस और भाजपा के विधायक मतदान से दूर रहे थे।
विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह सांधवान को लिखे पत्र में बाजवा ने कहा, “मैं सदन के विशेष सत्र के दौरान पेश किए गए विश्वास प्रस्ताव और बाद की चर्चा से संबंधित अति महत्वपूर्ण मामले पर आपका ध्यान दिलाने के लिए आज आपको पत्र लिख रहा हूं। ”
नेता प्रतिपक्ष बाजवा ने कहा कि पिछले साल 27 सितंबर को मान ने सदन में विश्वास प्रस्ताव पेश किया था जिसका वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने अनुमोदन किया था।
उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री ने 36 मिनट तक जोशपूर्वक बात की, इसके बाद सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री श्री अमन अरोड़ा का भाषण हुआ, जो 13 मिनट तक चला। नतीजतन, केंद्र में सत्ताधारी दल (भाजपा) द्वारा कथित तौर पर विधायकों की अवैध खरीद-फरोख्त के मुद्दे पर कुल तीन घंटे और 11 मिनट बात हुई।”
कांग्रेस नेता ने कहा कि उस सत्र से पहले चीमा के नेतृत्व में ‘आप’ विधायकों ने राज्य के पुलिस प्रमुख से मुलाकात कर मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
बाजवा ने कहा, “इस मामले में पंजाब के लोगों की दिलचस्पी को देखते हुए यह जरूरी है कि सरकार द्वारा शुरू की गई आपराधिक कार्यवाही के नतीजों को साझा किया जाए। लिहाजा, मैं अनुरोध करता हूं कि इन कार्यवाहियों में हुई प्रगति की जानकारी हासिल करें और 'ऑपरेशन लोटस' के रूप में ज्ञात प्रकरण पर कार्रवाई रिपोर्ट प्रदान करें।”
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY