देश की खबरें | उत्तर प्रदेश के महराजगंज में निषाद पार्टी से जुड़े व्यक्ति ने की खुदकुशी

महराजगंज (उप्र), 17 फरवरी उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले में निषाद पार्टी से जुड़े 29 वर्षीय व्यक्ति ने रविवार को अपने घर में फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

मृतक की पहचान महराजगंज जिले के पनियरा थाना क्षेत्र के नरकटहा गांव निवासी धर्मात्मा निषाद (29) के रूप में हुई है जो निषाद पार्टी के पदाधिकारी भी थे।

धर्मात्मा ने हाल ही में निषाद पार्टी के प्रमुख एवं उत्तर प्रदेश के मंत्री संजय निषाद पर गंभीर आरोप लगाए थे।

रविवार सुबह सोशल मीडिया मंच ‘फेसबुक’ पर एक लंबी पोस्ट में धर्मात्मा निषाद ने लिखा, ‘‘मैं अपनी जिंदगी की जंग हार गया। यह आखिरी संदेश है। आज बहुत कुछ सोचने-समझने के बाद मैंने फैसला किया है कि यह दुनिया मेरे किसी काम की नहीं है। मैंने अपनी क्षमता के हिसाब से लोगों की जितनी मदद कर सकता था उतनी मदद करने का प्रयास किया और कई बार अपनी क्षमता से ऊपर जाकर भी लोगों की मदद की जिसके कारण मेरे हजारों राजनीतिक और सामाजिक दुश्मन बने फिर भी मैंने समाज के शोषित, वंचित और निर्बलों की आवाज बुलंद करने का काम लगातार जारी रखा।’’

धर्मात्मा ने पोस्ट में लिखा, ‘‘इस बीच मुझे कई फर्जी मुकदमे झेलने पड़े और कई बार जेल भी जाना पड़ा, फिर भी मैंने अपने कदम रुकने नहीं दिए और लगातार लोगों की मदद करता रहा।’’

अपनी पोस्ट के अंत में उन्होंने लिखा, ‘‘मैं अगर दुनिया छोड़कर जा रहा हूं तो इसका सबसे बड़ा कारण डॉ. संजय कुमार निषाद और उनके बेटे प्रवीण कुमार निषाद तथा श्रवण कुमार निषाद और ...गद्दार दोस्त जय प्रकाश निषाद हैं। मैं फिर कह रहा हूं कि अगर मैं मारना चाहता तो इन गद्दारों को कभी भी मार सकता था, लेकिन मैं हत्यारा नहीं बनना चाहता था।’’

उन्होंने पोस्ट में लिखा, ‘‘मेरे सामाजिक और राजनीतिक जीवन में जाने-अनजाने में किसी के साथ मुझसे कोई भूल या गलती हो गई हो तो आप लोग क्षमा कर दीजिएगा और मेरे परिवार का ख्याल रखिएगा।’’

धर्मात्मा निषाद ने आखिरी पंक्ति में लिखा, ‘‘मुझे माफ करना मां, अंजलि, भैया, दीदी।’’

पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। मौके पर पुलिस बल तैनात है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

धर्मात्मा के आत्महत्या करने पर निषाद पार्टी के प्रमुख संजय कुमार निषाद ने कहा, ‘‘धर्मात्मा मेरी पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता थे, उनकी आत्महत्या की खबर से मैं स्तब्ध हूं। धर्मात्मा की मौत मेरे लिए बेहद दुखद और व्यक्तिगत क्षति है। मैंने हमेशा अपनी तरफ से हर संभव समय पर धर्मात्मा की मदद की है।’’

उन्होंने बचाव करते हुए कहा कि धर्मात्मा निषाद के सोशल मीडिया खाते से मेरे और परिवार के सदस्यों के खिलाफ ‘‘दुर्भाग्यपूर्ण और गलत टिप्पणी की गई है।’’

संजय निषाद ने कहा, ‘‘मुझे पूरा विश्वास है कि धर्मात्मा निषाद ऐसा कभी नहीं कर सकते। इस पोस्ट के जरिए मेरी, मेरे परिवार और निषाद पार्टी की छवि खराब करने की कोशिश की गई है। इसलिए मैं इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करता हूं, ताकि सच्चाई सामने आ सके और पता चल सके कि धर्मात्मा ने ऐसा कदम क्यों उठाया और किस व्यक्ति ने छवि खराब करने के लिए यह (सोशल मीडिया पर) पोस्ट किया।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)