देश की खबरें | झारखंड में प्रतिबंधित पीएलएफआई से जुड़े एक व्यक्ति की माओवादियों ने की हत्या

चाईबासा, 12 दिसंबर झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में प्रतिबंधित संगठन पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएलएफआई) से कथित तौर पर जुड़े एक व्यक्ति की भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के संदिग्ध सदस्यों ने गोली मारकर हत्या कर दी है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पश्चिमी सिंहभूम जिले के पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर ने एक बयान में कहा कि कमल पूर्ति नामक व्यक्ति की सोमवार को माओवादियों ने हत्या कर दी। कमल पूर्ति की आपराधिक पृष्ठभूमि रही है और वह इस सिलसिले में जेल की सजा भी काट चुका है।

पीएलएफआई प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) से अलग हुआ एक गुट है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि यह घटना माओवाद प्रभावित गुदड़ी थाना क्षेत्र के अंतर्गत रायगड गांव में हुई।

पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर ने एक बयान में कहा, ‘‘ हमें सोमवार की रात सूचना मिली कि गुदड़ी थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी है और हमने अपने सभी स्रोतों से इस घटना की पुष्टि करने की कोशिश की। ’’

बयान में कहा गया है कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) के एक अज्ञात दस्ते ने उस व्यक्ति की हत्या कर दी। मंगलवार को शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए चक्रधरपुर भेज दिया गया।

पुलिस ने कहा कि इस मामले की जांच चल रही है। कमल पूर्ति के खिलाफ हत्या के प्रयास का एक मामला गुदड़ी थाने में लंबित है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)