देश की खबरें | कांग्रेस विधायक के भाई के जन्मदिन समारोह में हर्ष फायरिंग करने के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार

जबलपुर, 19 अप्रैल पुलिस ने जबलपुर शहर में कांग्रेस विधायक लखन घनघोरिया के भाई के जन्मदिन समारोह के दौरान कथित तौर पर हर्ष फायरिंग करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गिरफ्तारी के विरोध में कोतवाली पर प्रदर्शन किया।

पुलिस के अनुसार, अस्सू खान नामक व्यक्ति ने शुक्रवार को जन्मदिन समारोह के दौरान हवा में पांच से छह गोली चलाईं।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार रात 11 बजे से शनिवार तड़के तीन बजे तक कोतवाली थाने में विरोध प्रदर्शन किया, जिसमें आरोप लगाया गया कि खान के खिलाफ कार्रवाई मध्यप्रदेश में सत्तारूढ़ भाजपा के दबाव के बाद की गई है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी ने संवाददाताओं को बताया कि खान को कांग्रेस विधायक लखन घनघोरिया के भाई के जन्मदिन समारोह में जश्न के दौरान फायरिंग करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

अधिकारी ने बताया कि वायरल वीडियो में आरोपी ने पार्टी में अपनी लाइसेंसी पिस्तौल से 5-6 राउंड गोलियां चलाईं। उन्होंने बताया कि खान पर चार मामले दर्ज हैं।

कलादगी ने बताया कि खान पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170 (संज्ञेय अपराध को रोकने के लिए गिरफ्तारी) और शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पूर्व मंत्री घनघोरिया ने टिप्पणी के लिए संपर्क किए जाने पर ‘पीटीआई-’ को फोन पर बताया, ‘‘हमने विरोध किया क्योंकि पुलिस ने भाजपा के दबाव में खान के खिलाफ कार्रवाई की। उन पर लापरवाही का मामला दर्ज होना चाहिए था। उनके पास लाइसेंसी बंदूक है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)