हैदराबाद, 24 सितंबर केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी ने रविवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नेतृत्व वाली राजग (राजग) की सरकार में रेलवे के विकास में नये अध्याय की शुरुआत हुई है।
वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा हैदराबाद (काचीगुडा)-बेंगलुरु (यशवंतपुर) वंदे भारत एक्सप्रेस सहित नौ वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के अवसर पर यहां काचीगुडा रेलवे स्टेशन पर एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण बड़े पैमाने पर चल रहा है। रेड्डी ने कहा कि एक ही दिन में नौ नयी वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाया जाना एक रिकॉर्ड है।
उन्होंने कहा, रविवार को शुरू की गई नौ ट्रेन 111 शहरों को जोड़ती हैं जिनमें विभिन्न तीर्थ स्थल, पर्यटन स्थल, वाणिज्यिक केंद्र शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि आज शुरू की गई हैदराबाद-बेंगलुरु वंदे भारत ट्रेन तेलंगाना को मिली तीसरी वंदे भारत ट्रेन है जो तीन राज्यों तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक को जोड़ेगी।
रेड्डी ने कहा कि मोदी सरकार के सत्ता में आने के बाद से तेलंगाना में हर साल 55 किलोमीटर नयी रेल लाइन बिछाई जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के एक अक्टूबर और तीन अक्टूबर को क्रमश: तेलंगाना स्थित महबूबनगर और निजामाबाद का दौरा करने की संभावना है और इस दौरान वे कुछ नयी रेल परियोजनाओं का शिलान्यास कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि तेलंगाना को रेल विकास के लिए 4418 करोड़ रुपये आवंटित किये गये हैं, जबकि वर्ष 2014 में यह आवंटन 258 करोड़ रुपये था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY