देश की खबरें | गुरुग्राम में एक व्यक्ति ने एक महिला को आग लगाई

गुरुग्राम (हरियाणा), नौ मई गुरुग्राम के फर्रुखनगर इलाके में एक महिला को उसकी शादी से दो दिन पहले सोमवार को एक व्यक्ति ने कथित तौर पर आग लगा दी । पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि 24 वर्षीय महिला को एक निजी अस्पताल ले जाया गया और 50 प्रतिशत से अधिक झुलसने के कारण उसकी हालत गंभीर है, जबकि आरोपी फरार है।

पीड़िता के पिता पुलिस के पास गए और दावा किया कि आरोपी ने उनके घर में घुसकर उनकी बेटी को आग लगा दी।

उन्होंने अपनी शिकायत में कहा, ‘‘मेरी बेटी तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ी है। उसकी शादी 11 मई को होनी थी। एक पड़ोसी, जयपाल उर्फ बिल्लू, उसे अक्सर परेशान करता था।’’

दिहाड़ी मजदूर के रूप में काम करने वाले पीड़िता के पिता ने कहा, ‘‘मैं आज सुबह जल्दी काम के लिए निकला था। मुझे एक फोन आया कि बिल्लू ने घर के अंदर घुसकर उसके ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगा दी।’’

पुलिस ने कहा कि शिकायत के बाद फर्रुखनगर पुलिस थाने में आईपीसी की धारा 326-ए (जानबूझकर तेजाब आदि से गंभीर चोट पहुंचाना) और 307 (हत्या का प्रयास) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पटौदी के एसीपी हरिंदर कुमार ने कहा, ‘‘घायल महिला का अस्पताल में इलाज चल रहा है लेकिन वह बयान देने की हालत में नहीं है। आरोपी को जल्द से जल्द पकड़ लिया जायेगा।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)