देश की खबरें | ओडिशा के संबलपुर जिले में गुटखा फैक्टरी में आग लगी, कम से कम 28 कर्मचारी घायल

संबलपुर(ओडिशा), 20 दिसंबर ओडिशा के संबलपुर जिले में एक गुटखा फैक्टरी में सोमवार को भीषण आग लग जाने पर कम से कम 28 लोग बुरी तरह से झुलस गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

सभी घायल पारधियापाली स्थित फैक्टरी के कर्मचारी हैं।

फैक्टरी के सुपरवाइजर रोचक गौड़ ने बताया कि इकाई में करीब 150 कर्मचारी काम कर रहे थे, तभी शायद कुछ इलेक्ट्रिकल गड़बड़ी के चलते पाउच बनाने की मशीन में आग लग गई।

संबलपुर पुलिस अधीक्षक बातुला गंगाधर ने बताया कि आग लगने के वास्तविक कारण का पता लगाने के लिए जांच शुरू की जाएगी।

आग पर काबू पाने में दमकल विभाग को एक घंटा लगा।

एक अधिकारी ने बताया कि 28 घायलों में छह का इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है, जबकि 11 अन्य को, जिनकी हालत गंभीर है, राउरकेला इस्पात जनरल अस्पताल भेज दिया गया है। शेष को प्राथमिक उपचार के बाद स्थानीय अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)