देश की खबरें | कांग्रेस के भीतर ही एक गुट रच रहा सिद्धरमैया को हराने की साजिश ; वरुणा से हारेंगे : भाजपा नेता

मंगलुरु, आठ मई कर्नाटक में 10 मई को होने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा के स्पष्ट बहुमत हासिल करने का विश्वास जताते हुए पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और दक्षिण कन्नड़ से सांसद नलिन कुमार कटील ने सोमवार को कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धरमैया वरुणा निर्वाचन क्षेत्र से हार जाएंगे क्योंकि कांग्रेस के भीतर ही एक गुट अपने वरिष्ठ नेता के खिलाफ साजिश रच रहा है।

उन्होंने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ''कांग्रेस के भीतर एक गुट वरुणा विधानसभा क्षेत्र से सिद्धरमैया को हराने की साजिश रच रहा है।''

कटील ने यह भी आरोप लगाया कि इसी तरह के एक समूह ने 2019 के लोकसभा चुनाव में कलबुर्गी में कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खरगे के खिलाफ काम किया था।

यह उल्लेख करते हुए कि भाजपा स्पष्ट बहुमत से चुनाव जीतेगी, उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दौरे के बाद पार्टी की अपेक्षित सीट संख्या में वृद्धि होगी।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने करीब 18 महीने पहले चुनाव की तैयारी शुरू कर दी थी और चुनाव के लिए बहुत पहले ही अपनी बूथ स्तर की इकाइयों को मजबूत कर लिया था तथा इसने सरकार की उपलब्धियों के आधार पर लोगों तक पहुंच बनाई।

कटील ने कहा कि उन्होंने राज्य के सभी 224 निर्वाचन क्षेत्रों का दौरा किया है। उन्होंने दावा किया कि जनता दल (सेक्युलर) का गढ़ माना जाने वाला मैसुरु क्षेत्र भी इस बार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का समर्थन करेगा।

उन्होंने कहा कि पार्टी ने आम कार्यकर्ताओं को टिकट दिया है और तटीय जिलों में सभी समुदाय भाजपा के पक्ष में हैं। कटील ने कहा कि पार्टी दक्षिण कन्नड़ जिले की सभी आठ सीट पर विजयी होगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)