Delhi: दिल्ली में प्रतिबंधित विदेशी सिगरेट के 94,000 पैकेट जब्त, दो गिरफ्तार
दक्षिणी दिल्ली के वसंत कुंज इलाके में पुलिस ने एक गोदाम पर छापेमारी करके प्रतिबंधित विदेशी सिगरेट के 94,000 पैकेट बरामद किए और कर्नाटक निवासी एक व्यक्ति समेत दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया.
नयी दिल्ली, 29 जून : दक्षिणी दिल्ली के वसंत कुंज इलाके में पुलिस ने एक गोदाम पर छापेमारी करके प्रतिबंधित विदेशी सिगरेट के 94,000 पैकेट बरामद किए और कर्नाटक निवासी एक व्यक्ति समेत दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया. पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी. पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान स्थानीय निवासी परीक्षित (22) और कर्नाटक निवासी पी पी चेंगप्पा (40) के रूप में हुई है. पुलिस ने बताया कि आरोपी यूनान और संयुक्त अरब अमीरात जैसे देशों से सिगरेट आयात करके दिल्ली-एनसीआर सहित दक्षिण भारत में उसकी आपूर्ति करते थे.
पुलिस ने कहा कि एक आवासीय इमारत के बेसमेंट में स्थित गोदाम से कई विदेशी ब्रांड के सिगरेट के पैकेट बरामद किए गए, जिन पर कोई अनिवार्य स्वास्थ्य चेतावनी या अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) नहीं लिखा था, जो सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम (सीओटीपीए) का उल्लंघन है. पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, "27 जून को एक टीम को इलाके में अवैध सिगरेट के भंडार के बारे में सूचना मिली थी. सूचना के आधार पर छापेमारी की गई, जिसमें कई विदेशी ब्रांड की सिगरेट बरामद की गईं." यह भी पढ़ें : UP IPS Transfer: यूपी में पांच आईपीएस का तबादला, एसबी शिरडकर को भर्ती बोर्ड की जिम्मेदारी
उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों को वसंत कुंज के नांगल देवत इलाके से गिरफ्तार किया गया. अधिकारी ने बताया कि वसंत कुंज साउथ पुलिस थाने में एक प्राथमिकी दर्ज की गई है और दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है. उन्होंने बताया कि मामले में आगे की जांच की जा रही है.
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 29, 2025 04:42 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

