नयी दिल्ली, 31 दिसंबर दक्षिणी दिल्ली के किदवई नगर क्षेत्र में एनडीएमसी के एक स्कूल में छात्रों के एक समूह ने दूसरी कक्षा के एक छात्र के गुप्तांग पर कथित तौर पर एक धागा बांध दिया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) के एक अधिकारी ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, मामला बुधवार को तब सामने आया जब आठ वर्षीय बच्चा अपने घर पर नहा रहा था। उसके माता-पिता उसे अस्पताल ले गए तथा उन्होंने पुलिस को घटना के बारे में सूचित किया।
माता-पिता ने पुलिस को दी गई शिकायत में आरोप लगाया कि स्कूल में उनके बेटे के गुप्तांग पर उसके सहपाठियों ने नायलॉन जैसा धागा बांध दिया।
पुलिस ने कहा, "बच्चे की स्थिति सामान्य बताई जा रही है, लेकिन वह अभी भी निगरानी में है।"
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) चंदन चौधरी ने कहा, "हमने अभी तक मामला दर्ज नहीं किया है क्योंकि बच्चा अन्य बच्चों की पहचान नहीं कर पा रहा है। हम मामले पर कानूनी राय भी ले रहे हैं। हम घटना में शामिल आरोपियों की पहचान करने के लिए बच्चे को अपने साथ स्कूल ले जाएंगे।"
अधिकारी ने कहा कि स्कूल में शीतकालीन अवकाश है, लेकिन कुछ बच्चे शनिवार को वापस आएंगे।
उन्होंने कहा कि क्योंकि आरोपी भी बच्चे हैं, इसलिए उन्हें किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश करना होगा।
एनडीएमसी अधिकारी ने कहा, "पुलिस मामले की जांच कर रही है। हमारे लिए इस मामले पर टिप्पणी करना जल्दबाजी होगा।"
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY