देश की खबरें | हरियाणा में नगर निकाय चुनाव में शाम चार बजे तक 35 फीसदी मतदान

चंडीगढ़, दो मार्च हरियाणा में रविवार को नगर निकाय चुनाव के लिए शाम चार बजे तक 35 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि इन चुनाव के लिए 51 लाख से अधिक पात्र मतदाता हैं।

सात नगर निगमों-- गुरुग्राम, मानेसर, फरीदाबाद, हिसार, रोहतक, करनाल और यमुनानगर के महापौर और वार्ड सदस्यों को निर्वाचित करने के लिए मतदान हो रहा है।

इसके अलावा अंबाला और सोनीपत नगर निगमों के महापौर पद के लिए भी उपचुनाव हो रहे हैं।

मतदान सुबह आठ बजे से शुरू हुआ।

इसी प्रकार, अंबाला सदर, पटौदी जटौली मंडी, थानेसर और सिरसा के नगर परिषद अध्यक्ष और सभी वार्ड सदस्यों के लिए चुनाव हो रहे हैं। गुरुग्राम जिले की सोहना नगर परिषद के अध्यक्ष पद के लिए भी उपचुनाव हो रहा है।

इसके साथ ही 21 नगर समितियों के अध्यक्षों और सभी वार्ड सदस्यों के चुनाव के लिए भी मतदान हो रहा है। असंध (करनाल जिला) और इस्माइलबाद (कुरुक्षेत्र जिला) नगर समिति के अध्यक्ष पद के लिए भी उपचुनाव हो रहा है।

शाम चार बजे तक 35 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

चुनाव से पहले हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भरोसा जताया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) चुनाव जीतेगी और उन्होंने कहा कि ‘ट्रिपल इंजन’ वाली सरकार बनने के बाद काम तीन गुना तेजी से होगा।

कांग्रेस ने मतदाताओं से उसके उम्मीदवारों को पूर्ण बहुमत से जिताने की अपील की है। हरियाणा में 10 साल से अधिक समय से सत्ता से बाहर कांग्रेस नगर निकाय चुनावों में अपनी किस्मत पलटने की कोशिश कर रही है।

सुबह जल्दी मतदान करने वालों में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर शामिल थे, जिन्होंने करनाल के एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। खट्टर ने मतदाताओं से मतदान करने की अपील की।

उन्होंने कहा, ‘‘वोट डालना हमारा लोकतांत्रिक अधिकार है और हमारा कर्तव्य भी है।’’ उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा चुनाव जीतेगी।

केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने फरीदाबाद में एक बूथ पर अपना वोट डाला।

हरियाणा के मंत्री अनिल विज ने अंबाला कैंट में अपना वोट डाला। उन्होंने कहा, ‘‘सभी मतदाताओं को लोकतंत्र के सबसे बड़े पर्व में भाग लेना चाहिए। हरियाणा में ट्रिपल इंजन वाली सरकार बनेगी।’’

उन्होंने कहा, ‘‘लोग जानते हैं कि भाजपा केंद्र और हरियाणा दोनों जगहों पर सत्ता में है और अगर पार्टी नगर निकायों की सत्ता में भी आती है तो विकास में तेजी आएगी।’’

मानेसर से महापौर पद के लिए भाजपा के उम्मीदवार सुंदरलाल यादव ने क्षेत्र के एक बूथ पर अपना वोट डाला। मानेसर में पहली बार नगर निगम चुनाव हो रहे हैं।

गुरुग्राम जिले के फर्रुखनगर में शाम चार बजे तक करीब 60 प्रतिशत मतदान हुआ। गुरुग्राम में करीब 30 फीसदी, जबकि मानेसर में 55 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ।

अंबाला जिले में अंबाला में 24 प्रतिशत, अंबाला सदर में 41 प्रतिशत और बराड़ा में 59 प्रतिशत मतदान हुआ।

फरीदाबाद में शाम चार बजे तक करीब 32 प्रतिशत मतदान हुआ।

हिसार जिले के नारनौंद में 74 प्रतिशत, जबकि हिसार में 43 प्रतिशत मतदान हुआ।

नूंह जिले के तावड़ू में 68 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। रोहतक में 40 प्रतिशत और सोनीपत में 22 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ।

सूत्रों ने बताया कि गुरुग्राम नगर निगम के वार्ड-पांच के एक बूथ पर ईवीएम में खराबी के कारण मतदान एक घंटे देरी से शुरू हुआ।

हरियाणा राज्य निर्वाचन आयुक्त धनपत सिंह ने कहा कि शहरी स्थानीय निकायों के स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव के लिए सुरक्षा सहित व्यापक प्रबंध किए गए हैं।

सिंह ने बताया कि नौ नगर निगमों में महापौर पद के लिए 39 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।

इसी प्रकार, पांच नगर परिषदों में अध्यक्ष पद के लिए 27 उम्मीदवार मैदान में हैं और 23 नगर समितियों के अध्यक्ष पद के लिए कुल 151 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।

पानीपत नगर निगम के लिए मतदान नौ मार्च को होगा। चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद 12 मार्च को सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू होगी और उसी दिन नतीजे घोषित किए जाएंगे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)