जींद (हरियाणा), 23 मार्च शहीद दिवस के अवसर पर हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने उचाना में शहीद-ए-आजम भगत सिंह की 33 फुट उंची प्रतिमा लगवाने का वादा किया और कहा कि सरकारी नौकरियों की ए तथा बी श्रेणी में खिलाडियों के लिए तीन प्रतिशत आरक्षण को पुन:बहाल कराया जाएगा।
शहीद दिवस के अवसर पर बुधवार को उचाना के शिवानिया पब्लिक स्कूल में आयोजित मैराथन को हरी झंडी दिखाने के बाद चौटाला लोगों को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा, ‘‘शहीदों की बदौलत ही आज हम खुली हवा मे सांस ले रहे हैं। राष्ट्र सदैव उनका ऋणी रहेगा।’’
मैराथन में अव्वल आए धावकों को सम्मानित करते हुए चौटाला ने कहा कि युवाओं को नशाखोरी छोड़कर खेलों की ओर अपना रुझान बढाना चाहिए, क्योंकि वहां करियर की अपार संभावनाएं मौजूद हैं।
विश्व मंचों पर हरियाणा के खिलाड़ियों के बेहतर प्रदर्शन का श्रेय राज्य सरकार की खेल नीतियों को देते हुए चौटाला ने कहा, ‘‘सरकारी नौकरियों में ग्रुप डी की तरह की ग्रुप ए, बी और सी में भी तीन प्रतिशत आरक्षण लागू किया जाएगा।’’
उचाना विधानसभा क्षेत्र में आयोजित 12 किलोमीटर लंबी मैराथन दौड़ में बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं सहित करीब 25 हजार लोगों ने हिस्सा लिया। दौड़ के बीच धावकों पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई।
शहीद दिवस के अवसर पर उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने बहादुरगढ़ गांव में विलेज नॉलेज सेंटर का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने वादा किया कि प्रदेश में एक लाख 80 हजार रुपये वार्षिक आय से कम आमदनी वाले परिवारों को घर बैठे पीला राशन कार्ड उपलब्ध कराया जाएगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY