देश की खबरें | दिल्ली में उपहार अग्निकांड की 26वीं बरसी मनाई गई

नयी दिल्ली, 13 जून दक्षिण दिल्ली के उपहार सिनेमा हॉल में 13 जून 1997 को हुए अग्निकांड में मारे गये 59 लोगों की याद में मंगलवार को हादसे की 26वीं बरसी मनायी गयी।

गौरतलब है कि आज ही के दिन 1997 में हिंदी फिल्म 'बॉर्डर' के प्रदर्शन के दौरान सिनेमा हॉल में भीषण आग लगने से 59 लोगों की जान चली गई थी।

एवीयूटी (एसोसिएशन फॉर विक्टिम्स ऑफ उपहार ट्रेजेडी) ने सिनेमा हॉल के पास बने स्मारक पर फूल चढ़ाकर मृतकों को श्रद्धांजलि दी।

एवीयूटी ने एक बयान में कहा, "13 जून, 2023 को नयी दिल्ली के उपहार सिनेमा हॉल में अग्निकांड की 26वीं बरसी मनायी गई, इस हादसे में 59 लोगों की मौत हो गई थी।"

गौरतलब है कि 2017 में उच्चतम न्यायालय ने रियल एस्टेट कारोबारी सुशील अंसल और उसके भाई गोपाल अंसल (74) को 30-30 करोड़ रुपये का जुर्माना भरने का निर्देश दिया था।

न्यायालय ने उस वक्त सुशील अंसल को जेल में बिताई गई अवधि को ध्यान में रखते हुए रिहा कर दिया था। बाद में अदालत ने अंसल बंधुओं और दो अन्य को मुकदमे से जुड़े सबूतों से छेड़छाड़ करने का दोषी ठहराया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)