देश की खबरें | छत्तीसगढ़ में 2,258 सहायक आरक्षक बने आरक्षक

रायपुर, 16 अगस्त छत्तीसगढ़ पुलिस ने राज्य के बस्तर संभाग में 2,258 सहायक आरक्षक को आरक्षक पद पर पदोन्नत कर जिला स्ट्राइक फोर्स (डीएसएफ) नामक नव गठित इकाई में समायोजित किया है। पुलिस अधिकारियों

ने बुधवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि सहायक आरक्षक स्थानीय युवाओं और आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों में से भर्ती किए जाते हैं तथा वह नक्सल विरोधी अभियानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सहायक आरक्षक लंबे समय से आरक्षक पद पर पदोन्नति की मांग कर रहे थे। राज्य सरकार ने यह पदोन्नति विधानसभा चुनावों से पहले की है।

बस्तर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी ने बताया कि राज्य के गृह विभाग ने इस पदोन्नति के लिए जिला स्ट्राइक फोर्स (डीएसएफ) आरक्षक पद के लिए विभागीय चयन प्रक्रिया आयोजित किया था।

उन्होंने बताया कि बस्तर संभाग के सात जिलों में पदस्थ सहायक आरक्षकों की स्क्रीनिंग परीक्षा आयोजित करने के बाद उनमें से 2,258 का आरक्षक पद के लिए चयन किया गया।

बस्तर संभाग में सात जिले कांकेर, कोंडागांव, बस्तर, नारायणपुर, बीजापुर, दंतेवाड़ा और सुकमा शामिल हैं।

सुंदरराज ने बताया कि चयन प्रक्रिया के अलावा सहायक आरक्षकों का सेवा मूल्यांकन इस साल 18 से 21 जुलाई के बीच किया गया था। उन्होंने कहा, सेवा मूल्यांकन में योग्य पाये सहायक आरक्षकों का 24 जुलाई से चार अगस्त तक शारीरिक मापतौल और शारीरिक दक्षता परीक्षा का आयोजन किया गया।

उन्होंने बताया कि प्रक्रिया पूरी करने के बाद 250 महिलाओं सहित 2,258 कर्मियों की चयन सूची 14 अगस्त को जारी की गई।

सुंदरराज ने कहा, ''सहायक आरक्षक पिछले 12 वर्षों से बस्तर क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने और विकास कार्यों को सुविधाजनक बनाने में अपनी अनुकरणीय सेवा दे रहे हैं। राज्य सरकार ने उनके लंबे समय से की जा रही मांगों को पूरा कर दिया है।''

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)