नयी दिल्ली, 24 दिसंबर दिसंबर 2002 में छह स्टेशन के साथ ‘रेड लाइन’ पर महज 8.2 किलोमीटर लंबे मार्ग पर अपने परिचालन की शुरुआत करने वाली दिल्ली मेट्रो ने 20 वर्ष पूरे कर लिये हैं और उसका नेटवर्क 2022 में 390 किमी से अधिक विस्तृत हो गया है।
वेलकम मेट्रो स्टेशन पर एक विशेष स्मृति समारोह आयोजित किया गया, जिसमें भारत में जापान के राजदूत हिरोशी सुजुकी और दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) के प्रबंध निदेशक विकास कुमार सहित अन्य लोगों ने भाग लिया।
राजदूत ने अपने संबोधन में दोनों देशों के बीच राजनयिक व सांस्कृतिक संबंधों पर जोर दिया और दिल्ली मेट्रो के परिचालन की शुरुआत के बारे में बताया।
प्रदर्शनी में दुर्लभ अभिलेखीय चित्र और पुराने समाचार क्लिप प्रदर्शित किए गए। इसमें दिल्ली मेट्रो और जापान इंटरनेशनल कोऑपरेशन एजेंसी (जेआईसीए) व अन्य जापानी संगठनों की साझेदारी को भी प्रदर्शित किया गया, जिन्होंने दिल्ली मेट्रो के अब तक के सफर में योगदान दिया है।
इस अवसर पर जेआईसीए इंडिया कार्यालय के मुख्य प्रतिनिधि सैतो मित्सुनोरी भी उपस्थित थे और उन्होंने सभा को संबोधित किया।
दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) का नेटवर्क आज राष्ट्रीय राजधानी और पड़ोसी शहरों में कई गलियारों तक फैला है।
दिल्ली मेट्रो ने 25 दिसंबर, 2002 को अपनी वाणिज्यिक सेवाएं शुरू की थी। इससे एक दिन पहले तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने शाहदरा से तीस हजारी तक डीएमआरसी के 8.2 किलोमीटर लंबे प्रथम मार्ग का उद्घाटन किया था।
इससे पहले एक अधिकारी ने बताया कि पहली मेट्रो चलने के दो दशक पूरे होने के मौके पर दिल्ली मेट्रो शनिवार को विशेष ट्रेन चलाएगी।
अधिकारी ने कहा, ‘‘यह डीएमआरसी के लिए रोमांचक उपलब्धि है और छह बोगी वाली विशेष ट्रेन ‘रेड लाइन’ पर आज कश्मीरी गेट स्टेशन से वेलकम स्टेशन तक चलेगी।’’
अधिकारियों ने इससे पहले ‘पीटीआई-’ से कहा कि 2002 में ‘रेड लाइन’ के उद्घाटन के एक दिन बाद भीड़ इतनी ‘‘ज्यादा’’ थी कि अधिकारियों को यात्रियों की भीड़ संभालने के लिए ‘‘पेपर टिकट’’ जारी करने पड़े थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY