नयी दिल्ली, एक अगस्त पश्चिम दिल्ली में चीनी मांझे की आपूर्ति करने के आरोप में कुल 18 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
चीनी मांझा नायलॉन से बनी डोर होती है जिसमें कांच के चूरे और लौहे के कणों से कोटिंग की जाती है।
पुलिस ने बताया कि पिछले पांच दिनों में ख्याला, इंदरपुरी, कीर्ति नगर, तिलक नगर, विकासपुरी, हरि नगर और पंजाबी बाग में चीनी मांझे के आपूर्तिकर्ताओं के खिलाफ प्राथमिकियां दर्ज की गई हैं।
पश्चिम दिल्ली के पुलिस उपायुक्त घनश्याम बंसल ने बताया, “जिले में चीनी मांझे के अनाधिकृत इस्तेमाल से संबंधित घटनाओं में बढ़ोतरी के साथ ही, हमने हाल में इसके विक्रेताओं पर कड़ी कार्रवाई की है। पांच दिनों में भारतीय दंड संहिता के तहत हमने 18 मामले दर्ज किए हैं और इतने ही आपूर्तिकर्ताओं को गिरफ्तार किया है।”
उन्होंने बताया कि पुलिस ने इस मांझे की 182 चरखियां भी बरामद की हैं।
2017 में, राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) ने राष्ट्रीय राजधानी में चीनी मांझे को प्रतिबंधित कर दिया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY