देश की खबरें | रायगढ़ जिले के समुद्र तटों पर दो सप्ताह में चरस से भरे 175 और पैकेट मिले : महाराष्ट्र पुलिस

अलीबाग, 11 सितंबर महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के विभिन्न समुद्र तटों पर पिछले दो सप्ताह में चरस के 175 पैकेट बरामद किए गए हैं, जिनसे 209 किलोग्राम चरस बरामद की गयी है। पुलिस ने यह जानकारी दी।

रायगढ़ के पुलिस अधीक्षक सोमनाथ घरगे ने बताया कि इन पैकेट में मिली चरस की कीमत 8.36 करोड़ रुपये है।

पुलिस की ओर से जारी एक विज्ञप्ति के मुताबिक पिछले दो सप्ताह में रायगढ़ जिले के विभिन्न समुद्र तटों पर बहकर आये चरस के 175 पैकेट मिले हैं। इस सिलसिले में श्रीवर्धन थाने में मामला दर्ज किया गया है। इन पैकेट का स्रोत और वे कैसे बहकर किनारे पर आए, इसका पता लगाने के लिए जांच जारी है।

इन पैकेट पर ‘पाकिस्तान प्रीमियम क्वालिटी राइस’ का लेबल लगा हुआ था।

ये पैकेट जीवन बंदर, मराल, सर्व, कोंडिवली, दिवे आगर-अदगाओ, अक्षी, नानीवली और श्रीवर्धन समुद्र तट पर पाए गए।

गौरतलब है कि पुलिस को 27 अगस्त से 29 अगस्त के बीच रायगढ़ जिले के विभिन्न समुद्री तटों पर 4.50 करोड़ रुपये मूल्य की चरस के 107 पैकेट मिले थे।

इसके अलावा सीमा शुल्क विभाग ने 14 अगस्त से 19 अगस्त के बीच रत्नागिरी जिले के सात समुद्र तटों पर बहकर आई 250 किलोग्राम से अधिक हशीश बरामद की थी।

रायगढ़ के पुलिस अधीक्षक घरगे ने कहा कि पुलिस ने रायगढ़ के तटों पर निगरानी बढ़ा दी है और अब भी नियमित अंतराल पर प्रतिबंधित सामग्री वाले नए पैकेट मिल रहे हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)