देश की खबरें | सीमेंट कंपनी के प्रस्तावित विस्तार पर विरोध प्रदर्शन के दौरान नौ पुलिसकर्मी सहित 15 लोग घायल

शिलांग, 24 अगस्त मेघालय की राजधानी शिलांग में एक सीमेंट कंपनी के परिचालन के प्रस्तावित विस्तार के लिए एक जन सुनवाई के खिलाफ विरोध प्रदर्शन में नौ पुलिसकर्मियों सहित कम से कम 15 लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों के मुताबिक सार्वजनिक सुनवाई के आयोजन का विरोध करने के लिए प्रदर्शनकारी मेघालय सीमेंट्स लिमिटेड (टॉपसेम) के परिसर में घुस गए, जिसके बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े।

पूर्वी जैंतिया हिल्स जिले के थांगस्काई गांव में मेघालय सीमेंट्स लिमिटेड में उत्पादन क्षमता के प्रस्तावित विस्तार हेतु जनसुनवाई आयोजित की गई थी।

पूर्वी जैंतिया हिल्स जिले के पुलिस अधीक्षक जगपाल धनोआ ने कहा, ‘‘ हिंसा में कम से कम नौ पुलिसकर्मी घायल हो गए। प्रदर्शनकारियों ने कंपनी के परिसर में तोड़फोड़ की और आग लगाने की कोशिश की। ’’

पुलिस अधीक्षक के मुताबिक जिला प्रशासन, मेघालय राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के प्रतिनिधियों, ग्राम प्राधिकारियों और कंपनी के अधिकारियों के साथ चर्चा के बाद, सार्वजनिक सुनवाई स्थल को परिसर के अंदर दूसरे हॉल में स्थानांतरित कर दिया गया, जहां भीड़ ने फिर से हमला किया।

पुलिस अधीक्षक धनोआ ने बताया कि कई बार अनुरोध करने के बावजूद, प्रदर्शनकारी अधिक हिंसक हो गए और पथराव शुरू कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले दागे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)