देश की खबरें | तेलंगाना के मेडक में सांप्रदायिक झड़प के मामले में 13 लोग गिरफ्तार

हैदराबाद, 16 जून तेलंगाना के मेडक शहर में, बकरीद के त्योहार से पहले गोकशी के लिए मवेशियों को कथित तौर पर ले जाये जाने को लेकर दो समुदायों के सदस्यों के बीच हुई झड़प के एक दिन बाद 13 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने रविवार को कहा कि स्थिति नियंत्रण में और शांतिपूर्ण बनी हुई है।

शनिवार रात शहर में झड़पें होने के बाद अधिकारियों ने दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी थी। यहां पथराव और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाए जाने के बाद पुलिस ने दंगाइयों को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया।

उन्होंने बताया कि कुछ दुकानों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों में तोड़फोड़ की गई और एक अस्पताल पर भी हमला किया गया, जहां कुछ घायलों का इलाज चल रहा था।

पुलिस ने कहा कि झड़प के दौरान दोनों समुदायों के कम से कम सात लोग घायल हो गए। उन्होंने बताया कि अतिरिक्त पुलिस कर्मियों को तैनात कर शहर में स्थिति को नियंत्रित किया गया।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि एक शांति समिति की बैठक भी की गई।

कानून व्यवस्था की स्थिति की निगरानी कर रहे एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने 'पीटीआई-' को बताया कि झड़पों के संबंध में मामले दर्ज किए गए हैं और दोनों समुदायों के अब तक 13 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)