एजेंसी न्यूज

महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़ सीमा पर हुई मुठभेड़ में 12 नक्सली ढेर

महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में छत्तीसगढ़ की सीमा से सटे इलाके में पुलिस और कमांडों की नक्सलियों के साथ बुधवार को हुई मुठभेड़ में कम से कम 12 नक्सली मारे गए जबकि दो सुरक्षा कर्मी भी घायल हुए हैं.

महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़ सीमा पर हुई मुठभेड़ में 12 नक्सली ढेर
Representational Image | PTI

गढ़चिरौली, 17 जुलाई: महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में छत्तीसगढ़ की सीमा से सटे इलाके में पुलिस और कमांडों की नक्सलियों के साथ बुधवार को हुई मुठभेड़ में कम से कम 12 नक्सली मारे गए जबकि दो सुरक्षा कर्मी भी घायल हुए हैं. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. गढ़चिरौली के पुलिस अधीक्षक नीलोत्पल ने बताया कि दोपहर सी60 कमांडो और नक्सलियों के बीच वंडोली गांव में भारी गोलीबारी हुई और यह मुठभेड़ करीब छह घंटे तक चली.

उन्होंने बताया कि मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने 12 नक्सलियों के शव बरामद किए हैं. इसके अलावा तीन एके47, दो इंसास राइफल सहित सात स्वचालित हथियार, कार्बाइन और एसएलआर जब्त हुए.

नीलोत्पल ने बताया कि मारे गए नक्सलियों में से एक की पहचान ‘डिवीजनल कमेटी मेंबर’(डीवीसीएम) लक्ष्मण अतराम उर्फ विशाल अतराम के तौर पर की गई है जो प्रतिबंधित संगठन में तिपगाड दलाम का प्रभारी था. नीलोत्पल ने बताया कि महाराष्ट्र के गृहमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस सफलता के लिए सी60 कमांडो टीम और गढ़चिरौली पुलिस को 51 लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा की है.

अधिकारी ने बताया कि मारे गए नक्सलियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है. पुलिस अधीक्षक ने बताया, ‘‘ घायलों में सी 60 का एक उप निरीक्षक और एक जवान शामिल है. वे खतरे से बाहर हैं, उन्हें घटनास्थल से निकाल कर नागपुर भेज दिया गया है.’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 17, 2024 09:04 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).