चेन्नई, 28 अप्रैल केंद्र सरकार ने तमिलनाडु के लिए 11 नए नर्सिंग कॉलेजों को मंजूरी दी है, जिनमें से प्रत्येक की लागत 10 करोड़ रुपये होगी। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री मा सुब्रमण्यन ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
मंत्री ने कहा कि ये कॉलेज राज्य द्वारा संचालित मेडिकल कॉलेजों के पास बनाए जाएंगे और उनमें स्नातक के लिये 100 सीटें होंगी।
राज्य में पहले से ही छह नर्सिंग कॉलेज होने के बावजूद हमेशा अतिरिक्त कॉलेज की मांग की जाती रही है।
सुब्रमण्यन ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘दो महीने पहले केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया के साथ मेरी बैठक के दौरान, मैंने राज्य में 30 नए नर्सिंग कॉलेज की मंजूरी देने का अनुरोध किया था। बृहस्पतिवार की शाम को तमिलनाडु के लिए 11 नए नर्सिंग कॉलेजों को मंजूरी दी गई।’’
उन्होंने कहा कि कई विधायकों ने मांग की थी कि उनके विधानसभा क्षेत्रों या उनके जिलों में नर्सिंग कॉलेज स्थापित किए जाएं।
सुब्रमण्यम ने कहा कि कॉलेजों के लिए स्थानों का चयन मुख्यमंत्री एम के स्टालिन के परामर्श से किया जायेगा ।
इससे पहले दिन में वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक में मंत्री ने उन्हें विभिन्न टीकों का पर्याप्त भंडार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY