देश की खबरें | इंदौर में 101 वर्षीय व्यक्ति कोविड-19 की चपेट में आया, हालत गंभीर
जियो

इंदौर (मध्य प्रदेश), 11 जून कोविड-19 के प्रकोप से जूझ रहे इंदौर में बृहस्पतिवार को इस महामारी के 101 साल के मरीज को गंभीर हालत में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। यह व्यक्ति देशभर में इस महामारी के सबसे उम्रदराज मरीजों में शामिल है।

श्री अरबिंदो इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (सैम्स) के छाती रोग विभाग के प्रमुख डॉ. रवि डोसी ने बताया कि 101 वर्षीय पुरुष को सांस लेने में बेहद तकलीफ होने की शिकायत के साथ अस्पताल की गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में भर्ती किया गया।

यह भी पढ़े | शर्मनाक! उत्तर प्रदेश के बलरामपुर में सड़क पर पड़ी लाश को कूड़ा गाड़ी से उठाया गया, 3 पुलिस वाले सहित 4 निगमकर्मी सस्पेंड.

उन्होंने बताया कि मरीज की जान बचाने के लिये उसे कृत्रिम ऑक्सीजन दी जा रही है। वह किडनी और हृदय की पुरानी बीमारियों के साथ उम्र संबंधी व्याधियों से भी जूझ रहा है।

डा डोसी ने बताया कि मरीज के 45 साल के बेटे को भी कोविड-19 सरीखे लक्षणों के आधार पर अस्पताल में भर्ती किया गया है। इस महामारी की जांच के लिये 45 वर्षीय व्यक्ति का नमूना प्रयोगशाला भेजा गया है।

यह भी पढ़े | महाराष्ट्र में आज कोरोना के 3607 नए मामले सामने आए, 152 लोगों की मौत : 11 जून 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

उन्होंने 101 साल के मरीज के परिजनों से हुई बातचीत के आधार पर बताया कि लॉकडाउन के दौरान वह एक बार भी घर से बाहर नहीं निकला था। वह संभवत: अपने किसी पारिवारिक सदस्य से ही संक्रमित हुआ है।

गौरतलब है कि इंदौर में इससे पहले 95 साल की महिला और 90 वर्षीय पुरुष कोविड-19 से संक्रमित पाये जा चुके हैं। हालांकि, दोनों मरीज उपचार के बाद इस महामारी को हराकर घर लौट चुके हैं।

स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक इंदौर जिले में अब तक कोविड-19 के 3,922 मरीज मिले हैं। इनमें से 163 लोगों की इलाज के दौरान मौत हो चुकी है।

कोविड-19 का प्रकोप कायम रहने के कारण मद्देनजर इंदौर जिला ‘रेड जोन’ में बना हुआ है। जिले में इस प्रकोप की शुरूआत 24 मार्च से हुई, जब पहले चार मरीजों में इस महामारी की पुष्टि हुई थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)