देश की खबरें | इंदौर में कोविड-19 की चपेट में आये 101 वर्षीय बुजुर्ग ने तोड़ा दम
जियो

इंदौर (मध्यप्रदेश), 13 जून कोविड-19 के प्रकोप से जूझ रहे इंदौर में इस महामारी के संक्रमण की जद में आये 101 साल के मरीज की शनिवार को इलाज के दौरान मौत हो गयी। यह व्यक्ति देश भर में इस महामारी के सबसे उम्रदराज मरीजों में शामिल था।

श्री अरबिंदो इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (सैम्स) के छाती रोग विभाग के प्रमुख डॉ. रवि डोसी ने बताया कि कोविड-19 से संक्रमित पाये गये 101 वर्षीय पुरुष को सांस लेने में तकलीफ होने की शिकायत के साथ इस निजी अस्पताल की गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में बृहस्पतिवार को भर्ती किया गया था।

यह भी पढ़े | दिल्ली में कोरोना टेस्टिंग के सवाल पर स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन बोले- ICMR से कहिए गाइडलाइंस बदलें.

उन्होंने बताया, "मरीज की गंभीर स्थिति को देखते हुए हम उसे शुरूआत से कृत्रिम ऑक्सीजन दे रहे थे। तमाम कोशिशों के बावजूद उसकी जान नहीं बचायी जा सकी, क्योंकि वह कोविड-19 संक्रमण के कारण हुए निमोनिया के अलावा किडनी और हृदय की पुरानी बीमारियों और उम्र संबंधी व्याधियों से भी जूझ रहा था।"

डोसी ने 101 साल के मरीज के परिजनों से हुई बातचीत के आधार पर बताया कि कोविड-19 के प्रकोप के मद्देनजर लागू लॉकडाउन के दौरान वह एक बार भी अपने छत्रीबाग स्थित घर से बाहर नहीं निकला था। वह संभवत: अपने किसी पारिवारिक सदस्य से ही संक्रमित हुआ था।

यह भी पढ़े | मध्यप्रदेश के 462 गांवों में 951 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित, 32 लोगों की संक्रमण से हुई मौत.

सैम्स के प्रशासनिक अधिकारी राजीव सिंह ने बताया कि कोविड-19 संक्रमण के इलाज के दौरान इस अस्पताल में 101 वर्षीय पुरुष की मौत की जानकारी स्वास्थ्य विभाग को भेजी जा रही है।

स्वास्थ्य विभाग के शुक्रवार देर रात जारी बुलेटिन के मुताबिक इंदौर जिले में कोविड-19 के कुल 4,029 मरीज मिले हैं। इनमें से 166 लोगों की इलाज के दौरान मौत हो चुकी है।

विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि सैम्स से आधिकारिक तौर पर जानकारी मिलने के बाद 101 वर्षीय मरीज की मौत को कोविड-19 के सरकारी रिकॉर्ड में शामिल किया जायेगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)