देहरादून, तीन मई हिमालयी राष्ट्र के सुदूरपश्चिम प्रांत के मुख्यमंत्री कमल बहादुर शाह के नेतृत्व में नेपाल के 10 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से उनके सरकारी आवास पर शनिवार को मुलाकात की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि इस बैठक के दौरान भारत और नेपाल के बीच मैत्रीपूर्ण संबंधों को मजबूत करने तथा सीमावर्ती क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर ध्यान दिया गया।
एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया कि धामी और शाह ने आपसी समन्वय के जरिए सीमावर्ती जिलों में विकास कार्यों में तेजी लाने, सांस्कृतिक और धार्मिक संबंधों को बढ़ावा देने, पर्यटन को बढ़ावा देने तथा आपदा प्रबंधन रणनीतियों में सुधार लाने पर चर्चा की।
उत्तराखंड के पिथौरागढ़, चंपावत और उधम सिंह नगर जिले नेपाल के साथ सीमा साझा करते हैं।
धामी ने कहा कि उत्तराखंड और नेपाल सदियों पुराने ऐतिहासिक संबंधों के साथ गहरी सामाजिक और सांस्कृतिक विरासत साझा करते हैं।
उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को सीमावर्ती क्षेत्रों में व्यापार, स्वास्थ्य, शिक्षा और बुनियादी ढांचे के निर्माण में सहयोगात्मक प्रयासों के लिए राज्य सरकार की ओर से पूर्ण समर्थन का आश्वासन भी दिया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY