चंडीगढ़, 16 जुलाई पंजाब के कैबिनेट मंत्री तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा के कोरोना संक्रमित पाये जाने के बाद उनकी पत्नी और बेटे भी संक्रमण का शिकार हुए हैं। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को इसकी जानकारी दी ।
अधिकारियों ने बताया कि इस बीच राज्य सरकार के मंत्रियों — सुखजिंदर सिंह रंधावा एवं अरूणा चौधरी — तथा कांग्रेस के तीन विधायकों — कुलबीर सिंह जीरा, बरिंदरमीत सिंह पहरा एवं परमिंदर सिंह पिंकी — में कोरोना वायरस के संक्रमण की पुष्टि नहीं हुयी है ।
यह भी पढ़े | पश्चिम बंगाल में एक और बीजेपी कार्यकर्ता की हत्या पर भड़के कैलाश विजयवर्गीय.
ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री बाजवा मंगलवार को कोरोना वायरस से संक्रमित पाये गये थे । उन्होंने शुक्रवार को कोविड—19 की जांच कराई थी। इससे पहले उनके विभाग के निदेशक संक्रमित पाये गये थे ।
बाजवा का नमूना दूसरी बार लिया गया, इससे पहले शनिवार को उनकी पहली जांच में संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई थी।
स्वास्थ्य अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को बाजवा की पत्नी और बेटे के संक्रमित पाये जाने की पुष्टि की । अधिकारियों ने बताया कि इस बीच भारतीय प्रशासनिक सेवा के कई अधिकारियों ने जांच के लिये अपना नमूना दिया है ।
इससे पहले दो आईएएस एवं 16 पीसीएस अधिकारी कोरोना संक्रमित पाये गये थे ।
बुधवार को मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह में इस वायरस के संक्रमण की पुष्टि नहीं हुयी थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY