रूसी जनरल पर गोलियां चलाने वाला संदिग्ध हमलावर दुबई से गिरफ्तार
6 फरवरी को रूसी सैन्य खुफिया विभाग के उप-प्रमुख व्लादिमीर अलेक्सेयव पर फायरिंग हुई थी.
6 फरवरी को रूसी सैन्य खुफिया विभाग के उप-प्रमुख व्लादिमीर अलेक्सेयव पर फायरिंग हुई थी. रूस ने इसके लिए यूक्रेन को जिम्मेदार ठहराया था. यूएई से गिरफ्तार किया गया संदिग्ध हमलावर रूसी नागरिक है.रूस के टॉप मिलिट्री इंटेलिजेंस ऑफिसर व्लादिमीर अलेक्सेयेव पर शुक्रवार, 6 फरवरी को हुए जानलेवा हमले के सिलसिले में संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से एक रूसी नागरिक को हिरासत में लिया गया है. रूस ने इस हत्या की कोशिश के लिए यूक्रेन को जिम्मेदार ठहराया है.
रूस की खुफिया एजेंसी फेडरल सिक्योरिटी सर्विस (एफएसबी) ने रविवार को यह जानकारी दी है.
एफएसबी ने 60 से कुछ ज्यादा उम्र वाले संदिग्ध का नाम ल्युबोमिर के. बताया है. एफएसबी के मुताबिक, संदिग्ध को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) पुलिस ने दुबई में गिरफ्तार किया और फिर रूस प्रत्यर्पित किया गया. रूस की तास न्यूज एजेंसी ने एफएसबी के हवाले से रविवार को खबर दी कि मॉस्को में एक अन्य शख्स को गिरफ्तार किया गया है, जबकि हमलावर की एक संदिग्ध महिला साथी यूक्रेन भाग गई है.
रूसी अखबार कोमर्सेंट ने शनिवार को एक सूत्र के हवाले से कहा कि शूटिंग के दो संदिग्धों से "जल्द ही पूछताछ की जाएगी" और उन पर आरोप तय किए जाएंगे.
क्या है पूरी घटना?
जांचकर्ताओं की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, रूस की मिलिट्री इंटेलिजेंस शाखा- जीआरयू के उप-प्रमुख अलेक्सेयेव को 6 फरवरी को मॉस्को के एक अपार्टमेंट ब्लॉक में कई गोलियां मारी गईं. अलेक्सेयेव 64 साल के हैं और राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने उन्हें 'हीरो ऑफ रशिया' अवॉर्ड से नवाजा है. हमले के बाद से उनकी हालत गंभीर है और उन्हें सर्जरी की जरूरत पड़ी है.
जांचकर्ताओं ने शुक्रवार को बताया कि एक अज्ञात हमलावर ने घटनास्थल से भागने से पहले अलेक्सेयेव पर कई राउंड गोलियां चलाईं, जिसके बाद हत्या की कोशिश का एक आपराधिक मामला दर्ज किया गया है. अलेक्सेयेव ने यूक्रेन में खुफिया ऑपरेशनों और अब सत्ता से बेदखल नेता बशर अल-असद की तरफ से सीरिया में रूसी दखल के दौरान अहम भूमिका निभाई है.
उन्हें 2023 में रूसी सैन्य नेतृत्व खिलाफ वागनर मिलिशिया के प्रमुख येवगेनी प्रिगोजिन की कम समय तक चली बगावत के दौरान बातचीत के लिए भी भेजा गया था.
पढ़ें: वागनर प्रमुख प्रिगोजिन की विमान हादसे में मौत
2016 के अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में रूसी हस्तक्षेप और 2018 में इंग्लैंड में पूर्व रूसी एजेंट सर्गेई स्क्रीपाल को जहर देने के मामले में अलेक्सेयेव पर अमेरिका और यूरोपीय संघ ने प्रतिबंध भी लगाए हैं.
यूक्रेन का हमले से इनकार
रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने यूक्रेन पर हत्या की कोशिश के पीछे होने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि ऐसा शांति वार्ता को बाधित करने के लिए तैयार किया गया था. यह गोलीबारी, वार्ताकारों के अबू धाबी में दो दिवसीय वार्ता पूरी करने के एक दिन बाद हुई है. अलेक्सेयेव के शीर्ष अधिकारी और जीआरयू के प्रमुख एडमिरल इगोर कोस्त्युकोव ने इस वार्ता में रूसी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया था.
वहीं यूक्रेन ने जोर देकर कहा कि वह इस शूटिंग में शामिल नहीं था. 2022 में यूक्रेन पर हमले की शुरुआत के बाद से, यूक्रेनी मिलिट्री इंटेलिजेंस ने कई सीनियर रूसी अधिकारियों की हत्या की जिम्मेदारी ली है. पिछले एक साल में मॉस्को या उसके आसपास अलेक्सेयेव के ही रैंक के तीन अन्य अधिकारियों की हत्या की जा चुकी है. 22 दिसंबर को जनरल स्टाफ के आर्मी ट्रेनिंग निदेशालय के प्रमुख की मौत उनकी कार के नीचे रखे एक बम से हुई थी.
(The above story first appeared on LatestLY on Feb 08, 2026 09:30 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

