खेल

बृजभूषण सिंह के खिलाफ गवाही देने वाली महिला पहलवानों की सुरक्षा हटाई गई, विनेश फोगाट और साक्षी मलिक का आरोप

विनेश और साक्षी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए यह दावा किया है कि बृजभूषण के खिलाफ गवाही से पहले दिल्ली पुलिस ने महिला पहलवानों की सुरक्षा हटा ली है.

बृजभूषण सिंह के खिलाफ गवाही देने वाली महिला पहलवानों की सुरक्षा हटाई गई, विनेश फोगाट और साक्षी मलिक का आरोप
Vinesh Phogat and Sakshi Malik | PTI

नई दिल्ली: विनेश फोगाट और साक्षी मालिक ने एक बार फिर भारतीय कुश्ती संघ (WFI) के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. विनेश और साक्षी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए यह दावा किया है कि बृजभूषण के खिलाफ गवाही से पहले दिल्ली पुलिस ने महिला पहलवानों की सुरक्षा हटा ली है. विनेश और साक्षी ने एक्स पर लिखा, "जिन महिला पहलवानों की बृजभूषण के खिलाफ कोर्ट में गवाहियां होने वाली हैं, दिल्ली पुलिस ने उनकी सुरक्षा हटा ली है." उन्होंने अपने पोस्ट में दिल्ली पुलिस, दिल्ली महिला आयोग और राष्ट्रीय महिला आयोग को भी टैग किया.

बता दें कि देश कि कुछ शीर्ष महिला पहलवानों ने बृजभूषण शरण सिंह पर यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं. विनेश और साक्षी का आरोप है कि कोर्ट में गवाही से पहले दिल्ली पुलिस ने महिला पहलवानों की सुरक्षा हटा ली है.

महिला पहलवानों की सुरक्षा हटाई गई

पेरिस ओलंपिक में सिल्वर से चूकीं विनेश फोगाट

विनेश फोगाट पेरिस ओलंपिक के बाद से सुर्खियों में हैं. दरअसल पेरिस ओलंपिक 2024 के दौरान भारतीय स्टार पहलवान विनेश फोगाट ने 6 अगस्त को ही लगातार 3 मैच जीतकर 50 किग्रा फ्रीस्टाइल कुश्ती के फाइनल में एंट्री कर सिल्वर मेडल पक्का कर लिया था. गोल्ड मेडल मैच 7 अगस्त की रात को होना था, लेकिन उसी दिन सुबह विनेश को ड‍िसक्वालिफाई कर दिया गया था, क्योंकि मैच से पहले उनका वजन 100 ग्राम ज्यादा था.

इसके बाद विनेश ने CAS में अपील की थी. उनकी मांग थी कि उन्हें इस इवेंट में संयुक्त रूप से सिल्वर मेडल दिया जाना चाहिए. इस मामले में 14 अगस्त को फैसला आया और CAS ने विनेश की अपील खारिज कर दी.

(The above story first appeared on LatestLY on Aug 22, 2024 09:21 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).