क्रिकेट

MLC 2025: टेक्सास सुपर किंग्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सिएटल ओकार्स को 51 रन से दी करारी शिकस्त

फ्लोरिडा में खेले गए मेजर लीग क्रिकेट 2025 के 28वें मुकाबले में टेक्सास सुपर किंग्स ने सिएटल ओकार्स को 51 रन से हराकर अपनी सातवीं जीत दर्ज की और प्लेऑफ में शीर्ष स्थान पक्का किया. फाफ डु प्लेसिस (91 रन) और शुभम रांजणे (65* रन) की साझेदारी से टीम ने 188/4 का स्कोर खड़ा किया. जवाब में सिएटल की टीम 137 रन पर ढेर हो गई

MLC 2025: टेक्सास सुपर किंग्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सिएटल ओकार्स को 51 रन से दी करारी शिकस्त
Photo Credits: @Fanport.in-X (formerly Twitter)

एमएलसी 2025: टेक्सास सुपर किंग्स ने मेजर लीग क्रिकेट-2025 (MLC) के 28वें मैच को अपने नाम किया. यह मुकाबला फ्लोरिडा में खेला गया, जिसमें सिएटल ओकार्स को 51 रन से करारी हार झेलनी पड़ी. टेक्सास सुपर किंग्स 10 में से सात मैच जीतकर प्वाइंट्स टेबल में पहले स्थान पर मौजूद है. टीम पहले ही प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर चुकी है. वहीं, सिएटल ओकार्स ने 10 में से सात मैच गंवा दिए हैं.

टीम के पास अभी भी अगले दौर में पहुंचने का मौका है. टेक्सास सुपर किंग्स के अलावा सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स और वाशिंगटन फ्रीडम प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर चुकी हैं. वहीं, लास एंजिल्स नाइट राइडर्स इस रेस से बाहर हो चुकी है. मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी टेक्सास सुपर किंग्स ने चार विकेट गंवाकर 188 रन बनाए. टीम 49 के स्कोर तक अपने दो विकेट गंवा चुकी थी. यहां से कप्तान फाफ डु प्लेसिस ने शुभम रांजणे के साथ तीसरे विकेट के लिए 137 रन की साझेदारी की. यह भी पढ़े: लिवरपूल स्टार डियोगो जोटा का निधन: नैशविल बनाम फिलाडेल्फिया एमएलएस 2025 मुकाबले में हानी मुख्तार ने इंजरी टाइम में गोल कर दी जोटा को श्रद्धांजलि, टीम ने किया उनका आइकोनिक सेलिब्रेशन, Video

फाफ डु प्लेसिस ने 52 गेंदों में चार छक्कों और छह चौकों की मदद से 91 रन बनाए. वह रिटायर्ड हर्ट होकर पवेलियन लौटे, जबकि रांजणे 41 गेंदों में 65 रन बनाकर नाबाद रहे. उनकी इस पारी के दौरान तीन छक्के और चार चौके देखने को मिले. विपक्षी टीम की ओर से जसदीप सिंह और कैमरून गैनन ने एक-एक विकेट चटकाया. इसके जवाब में सिएटल ओकार्स 18.4 ओवरों में 137 रन पर सिमट गई. इस टीम के लिए सलामी बल्लेबाज काइल मेयर्स ने 28 गेंदों में सर्वाधिक 35 रन की पारी खेली, जबकि शिमरोन हेटमायर ने 26 रन बनाए. इनके अलावा कप्तान सिकंदर रजा ने 23 रन की पारी खेली. टेक्सास सुपर किंग्स की ओर से एडम मिल्ने ने 3.4 ओवर गेंदबाजी की, जिसमें 23 रन देकर पांच विकेट चटकाए. वहीं, नूर अहमद और अकील हुसैन ने दो-दो शिकार किए. मार्कस स्टोइनिस ने एक विकेट अपने नाम किया.

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 06, 2025 03:38 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).