क्रिकेट

Asia Cup 2025 Final, India vs Pakistan: एशिया कप फाइनल से पहले तकरार, सूर्यकुमार ने पाकिस्तानी कप्तान के साथ फोटोशूट से किया इनकार

एशिया कप 2025 फाइनल से पहले, भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पाकिस्तानी कप्तान सलमान आगा के साथ होने वाले पारंपरिक फोटोशूट में हिस्सा लेने से मना कर दिया. इस पर प्रतिक्रिया देते हुए सलमान आगा ने इसे सूर्यकुमार का निजी फैसला बताया और अपनी टीम की जीत का पूरा भरोसा जताया. आगा ने यह भी कहा कि फाइनल में दबाव के बीच जो टीम कम गलतियाँ करेगी, वही चैंपियन बनेगी.

Asia Cup 2025 Final, India vs Pakistan: एशिया कप फाइनल से पहले तकरार, सूर्यकुमार ने पाकिस्तानी कप्तान के साथ फोटोशूट से किया इनकार
Suryakumar Yadav(Photo : X)

Asia Cup 2025 Final, India vs Pakistan: एशिया कप 2025 के फाइनल से पहले माहौल गरमा गया है. भारत और पाकिस्तान के बीच रविवार को होने वाले खिताबी मुकाबले से ठीक पहले एक नया विवाद खड़ा हो गया, जब भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पाकिस्तानी कप्तान के साथ होने वाले पारंपरिक प्री-फाइनल फोटोशूट से इनकार कर दिया.

जब पाकिस्तानी कप्तान सलमान आगा से इस बारे में पूछा गया, तो उन्होंने बड़ी शांति से जवाब दिया. उन्होंने कहा, "फोटोशूट के लिए आना या न आना, यह पूरी तरह से उनका फैसला है. मैं इसमें कुछ नहीं कर सकता."

दबाव और गलतियों पर क्या बोले पाकिस्तानी कप्तान?

भारत इस टूर्नामेंट में पाकिस्तान को पहले ही दो बार हरा चुका है, लेकिन इसके बावजूद पाकिस्तानी कप्तान सलमान आगा पूरे आत्मविश्वास में दिखे. उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "हम जीतेंगे. हमारी कोशिश अपना बेस्ट क्रिकेट खेलने की होगी. हम जानते हैं कि अगर हमने 40 ओवर तक अपने प्लान के मुताबिक खेला, तो हम किसी भी टीम को हरा सकते हैं."

भारत-पाकिस्तान मैच के दबाव पर उन्होंने कहा, "यह कहना झूठ होगा कि दबाव नहीं होता. भारत और पाकिस्तान, दोनों टीमों पर बहुत दबाव होता है. सच तो यह है कि हमने उनसे (भारत से) ज़्यादा गलतियाँ की हैं, और इसीलिए हम मैच हारे. मुझे लगता है कि फाइनल में जो टीम कम गलतियाँ करेगी, वही जीतेगी."

टॉस को लेकर नहीं हैं परेशान

इस एशिया कप में 18 में से 11 मैच उस टीम ने जीते हैं जिसने टॉस जीता. जब सलमान से इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि फाइनल में टॉस की कोई खास अहमियत नहीं होगी.

उन्होंने कहा, "टॉस आपके कंट्रोल में नहीं होता, इसलिए हम टॉस के हिसाब से अपनी टीम या रणनीति नहीं बनाते. यह सिर्फ खेल शुरू करने का एक तरीका है और मुझे लगता है कि कल भी ऐसा ही रहेगा. हो सकता है हमने अपनी सबसे अच्छी बल्लेबाज़ी फाइनल के लिए ही बचाकर रखी हो."

(The above story first appeared on LatestLY on Sep 28, 2025 10:00 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).