VIDEO: इंदौर में खौफनाक हादसा, बालकनी में कपड़े सुखाते समय असंतुलित होकर पहली मंजिल से गिरी महिला; CCTV में कैद हुई घटना
कपड़े सुखाते समय महिला पहली मंज़िल की बालकनी से गिरी (Instagram)

इंदौर: मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के इंदौर (Indore) शहर से एक रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो (Video) सामने आया है. चंदन नगर थाना क्षेत्र की ग्रीन पार्क कॉलोनी (Green Park Colony) में शनिवार रात एक 25 वर्षीय नवविवाहिता अपने घर की पहली मंजिल की बालकनी से नीचे गिर गई. बताया जा रहा है कि महिला बालकनी में कपड़े सुखा रही थी, तभी अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया. यह पूरी घटना पास में लगे एक सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया (Social Media) पर तेजी से वायरल (Viral Video) हो रहा है. यह भी पढ़ें: ट्रेन से गिरकर 12वीं के छात्र की मौत के बाद KDMC-TMC जागा, लोकल ट्रेन के बोझ को कम करने के लिए ठाणे, डोंबिवली और कल्याण के बीच शुरू होगी बस सेवा

कैसे हुआ हादसा?

पुलिस के अनुसार, घायल महिला की पहचान 25 वर्षीय शिफा के रूप में हुई है। घटना ख्वाजा चौक के पास ग्रीन पार्क कॉलोनी की है. शनिवार रात शिफा अपनी बालकनी में कपड़े फैला रही थी, तभी अचानक उसका पैर फिसला और वह सीधे मुंह के बल नीचे सड़क पर आ गिरी.

विस्फोट जैसी आवाज सुनकर नीचे एक दुकान पर मौजूद पिता-पुत्र तुरंत शिफा की मदद के लिए दौड़े और परिजनों को सूचित किया. उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है.

गंभीर लेकिन स्थिर है हालत

चंदन नगर थाना प्रभारी तिलक करोले ने बताया कि ऊंचाई से गिरने के कारण शिफा के चेहरे, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं. अस्पताल के डॉक्टरों ने उनकी स्थिति गंभीर लेकिन स्थिर बताई है. पुलिस ने अस्पताल जाकर महिला के बयान भी दर्ज किए हैं.

कपड़े सुखाते समय महिला पहली मंज़िल की बालकनी से गिरी

6 महीने पहले ही हुई थी शादी

जांच में पता चला है कि शिफा का मायका इंदौर के जूना रिसाला इलाके में है और महज छह महीने पहले ही उनका निकाह मोहम्मद आरिफ अब्बासी से हुआ था, जो पेशे से गैरेज मैकेनिक हैं. परिजनों ने पुलिस को दिए बयान में इसे एक शुद्ध दुर्घटना बताया है. शिफा के ससुराल वालों का कहना है कि काम के दौरान संतुलन बिगड़ने की वजह से यह हादसा हुआ.

पुलिस की जांच और सावधानी की अपील

पुलिस फिलहाल सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है. हालांकि, अब तक की जांच में किसी भी तरह की साजिश (Foul play) का संदेह नहीं जताया गया है.

प्रशासन ने इस घटना के बाद नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी बालकनी और छतों पर सुरक्षा जाली (Grills) या उचित ऊंचाई वाली रेलिंग जरूर लगवाएं। खासकर घरेलू काम करते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है ताकि इस तरह के हादसों को रोका जा सके.