"Excuse Me" बोलना पड़ा भारी; मराठी न बोलने को लेकर डोंबिवली में दो महिलाओं की पिटाई | Video
महाराष्ट्र के डोंबिवली से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां केवल "Excuse Me" कहने पर दो महिलाओं को मारपीट का शिकार होना पड़ा. इनमें से एक महिला ने अपनी गोद में नौ महीने का बच्चा भी ले रखा था.
डोंबिवली: महाराष्ट्र के डोंबिवली से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां केवल "Excuse Me" कहने पर दो महिलाओं को मारपीट का शिकार होना पड़ा. इनमें से एक महिला ने अपनी गोद में नौ महीने का बच्चा भी ले रखा था. यह घटना उस समय हुई जब महिलाएं अपने घर की सोसाइटी में प्रवेश कर रही थीं.
महिलाओं के अनुसार, जब उन्होंने रास्ता रोक रहे एक युवक से "Excuse Me" कहा, तो उसने नाराज होकर कहा कि "मराठी में बोलो." इसी बात पर विवाद इतना बढ़ गया कि युवक और उसके परिवार के 4-5 अन्य लोग वहां आ धमके और महिलाओं से हाथापाई शुरू कर दी.
बच्चे की परवाह किए बिना हुई मारपीट
गवाहों के अनुसार, हमलावरों ने गोद में बच्चे के होने के बावजूद किसी तरह की संवेदना नहीं दिखाई और महिलाओं के साथ मारपीट करते रहे. पीड़ित महिलाओं ने विश्णुनगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है. आरोप है कि उनमें से एक की बाजू को भी मरोड़ा गया.
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस सक्रिय
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई है. वरिष्ठ निरीक्षक संजय पवार ने बताया कि मामले की शुरुआती जांच की जा रही है, लेकिन अभी तक FIR दर्ज नहीं हुई है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या इस झगड़े के पीछे कोई पुराना विवाद था.
मराठी भाषा को लगातार बन रहा दबाव
हाल ही में महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) ने बैंकों में मराठी भाषा में सेवा देने की मांग को लेकर आंदोलन छेड़ा था. बैंक कर्मचारियों की यूनियन ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर कहा था कि उन्हें MNS कार्यकर्ताओं द्वारा धमकाया जा रहा है. बाद में राज ठाकरे ने आंदोलन रोकने की अपील की थी, लेकिन भाषा को लेकर तनाव अभी भी बरकरार है.