West Bengal Assembly Election 2026 Results: ममता बनर्जी ने जताया TMC की बड़ी जीत का भरोसा, कहा 200 से ज्यादा सीटों पर जीतेंगे

West Bengal Assembly Election 2026 Results: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शनिवार को विधानसभा चुनावों में तृणमूल कांग्रेस (TMC) की बड़ी जीत का भरोसा जताया है. काउंटिंग एजेंट्स को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संबोधित करते हुए उन्होंने एग्जिट पोल के अनुमानों को खारिज किया और इसे "शेयर बाजार को प्रभावित करने की कोशिश" बताया. उन्होंने कहा, "हम जीत रहे हैं और 200 से ज्यादा सीटों पर जीत दर्ज करेंगे. एग्जिट पोल सिर्फ शेयर बाजार को मैनिपुलेट करने का एक प्रयास है. उन्होंने 2021, 2024 में भी ऐसा किया था और अब फिर कर रहे हैं." West Bengal Result 2026: पश्चिम बंगाल चुनाव रिजल्ट पर फलोदी सट्टा बाजार का बड़ा संकेत, ममता बनर्जी को नुकसान, BJP को मिल सकता है बहुमत

ममता बनर्जी ने केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPF) पर टीएमसी कार्यकर्ताओं के खिलाफ अत्याचार करने का आरोप भी लगाया. उन्होंने कहा कि पार्टी उन कार्यकर्ताओं को सम्मानित करेगी जिन्होंने इस दौरान कठिनाइयों का सामना किया. उनके ये बयान ऐसे समय में आए हैं जब दक्षिण 24 परगना जिले में दो विधानसभा क्षेत्रों में पुनर्मतदान जारी है.

इस बीच अमित मालवीय ने आरोप लगाया था कि दूसरे चरण के मतदान के दौरान डायमंड हार्बर सीट के फाल्टा क्षेत्र में कई बूथों पर मतदाताओं को बीजेपी उम्मीदवार के पक्ष में वोट देने से रोका गया था. इसके बाद कुछ बूथों पर दोबारा मतदान कराया जा रहा है.

दक्षिण 24 परगना जिले में जारी पुनर्मतदान के दौरान मतदान प्रतिशत भी काफी ऊंचा रहा है. मग्राहाट पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के 11 बूथों पर 72.5 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जबकि डायमंड हार्बर विधानसभा क्षेत्र के 4 बूथों पर 72.36 प्रतिशत मतदान हुआ. दोपहर 3 बजे तक कुल मतदान प्रतिशत 72.43 रहा. मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण बनाए रखने के लिए रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) के जवान तैनात किए गए हैं. साथ ही माइक्रो-ऑब्जर्वर लगातार निगरानी कर रहे हैं और कोलकाता स्थित चुनाव आयोग कार्यालय से भी पूरी प्रक्रिया पर नजर रखी जा रही है.

वहीं एग्जिट पोल के आंकड़ों में इस बार पश्चिम बंगाल में कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है. कई एजेंसियों ने बीजेपी को बढ़त दी है. चाणक्य स्ट्रैटेजीज के अनुसार बीजेपी को 150-160 सीटें मिल सकती हैं, जबकि टीएमसी को 30-40 सीटें मिलने का अनुमान है. मैट्रिज ने बीजेपी को 146-161 सीटें और टीएमसी को 125-140 सीटें दी हैं. वहीं पी-मार्क और जेवीसी जैसे अन्य सर्वे में भी बीजेपी और टीएमसी के बीच कड़ी टक्कर दिखाई गई है. हालांकि पीपल्स पल्स के एग्जिट पोल में टीएमसी को बढ़त दी गई है.

बता दें कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के पहले दो चरणों में 142 सीटों पर रिकॉर्ड 92.67 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था. इन चुनावों की मतगणना 4 मई को होगी.