देश

Delhi NCR Rain Today दिल्ली-NCR में आंधी के साथ भारी बारिश, सड़कों पर भरा पानी, IMD ने जारी किया रेड अलर्ट

दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार सुबह हुई तेज बारिश और गरज-चमक से भीषण गर्मी से राहत मिली. IMD ने आज के लिए रेड और अगले तीन दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए तेज हवाओं और बारिश की चेतावनी दी है.

Delhi NCR Rain Today दिल्ली-NCR में आंधी के साथ भारी बारिश, सड़कों पर भरा पानी, IMD ने जारी किया रेड अलर्ट

Delhi Weather Today: राजधानी दिल्ली और एनसीआर (नोएडा, गाज़ियाबाद और गुड़गांव) में शुक्रवार सुबह हुई तेज बारिश और गरज-चमक ने लोगों को भीषण गर्मी से राहत दिलाई. लगातार चल रही लू और तपिश के बीच यह मौसम बदलाव सुकून लेकर आया है.

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने सुबह 5:19 बजे X (पूर्व ट्विटर) पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि अगले दो घंटे तक दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में 70-80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं, गरज-चमक और भारी बारिश होने की संभावना है. और हुआभी ऐसा ही. राजधानी में जमकर बादल बरसे.

IMD ने दिल्ली के लिए रेड अलर्ट जारी किया है और अगले तीन दिनों तक गरज के साथ बारिश और तेज हवाओं का पूर्वानुमान जताया है. शुक्रवार और शनिवार को हल्की से मध्यम बारिश के चलते तापमान में 3-4 डिग्री की गिरावट आने की संभावना है.

किन-किन इलाकों में पड़ा असर

इस तेज बारिश और गरज-चमक का असर दिल्ली के अलावा हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कई इलाकों में भी देखने को मिला. प्रभावित क्षेत्रों में हरियाणा के यमुनानगर, करनाल, पानीपत, सोहना, पलवल, नूंह, उत्तर प्रदेश के मथुरा, हाथरस, आगरा, शामली, और राजस्थान के भरतपुर, डीग और भिवाड़ी शामिल हैं.

पश्चिमी विक्षोभ से बढ़ेगा असर

मौसम विभाग के अनुसार, 2 मई से एक नया और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा. इसके प्रभाव से जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं और बिजली गिरने की संभावना है.

हिमाचल प्रदेश में ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की चेतावनी भी जारी की गई है. वहां के निचले और मध्य पर्वतीय जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी है.

दक्षिण भारत में भी बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी

मौसम विभाग ने बताया है कि कर्नाटक के उत्तर भीतरी क्षेत्रों और ओडिशा के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि हो सकती है. वहीं, गुजरात, महाराष्ट्र, तमिलनाडु और केरल में गर्म और उमस भरा मौसम बना रहेगा.

आगे कैसा रहेगा मौसम? 

3 और 4 मई को भी उत्तर भारत के अधिकतर हिस्सों जैसे जम्मू-कश्मीर, हिमाचल, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में गरज-चमक और बारिश का सिलसिला जारी रहेगा. दक्षिण भारत के आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और केरल में भी मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है.

 

(The above story first appeared on LatestLY on May 02, 2025 08:31 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).