देश

Bihar Crime: चंदन मिश्रा हत्याकांड का मुख्य आरोपी है 'बादशाह', सभी पांच शूटरों की हुई पहचान; वारदात के बाद बाइक पर पिस्टल लहराते दिखे हमलावर (Watch Video)

पटना के चर्चित चंदन मिश्रा हत्याकांड में पुलिस को एक अहम सुराग हाथ लगा है. अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरे की मदद से कुछ ऐसी तस्वीरें सामने आई हैं, जो न सिर्फ हैरान करने वाली हैं, बल्कि अपराधियों की मनोवृत्ति को भी उजागर करती हैं.

Bihar Crime: चंदन मिश्रा हत्याकांड का मुख्य आरोपी है 'बादशाह', सभी पांच शूटरों की हुई पहचान; वारदात के बाद बाइक पर पिस्टल लहराते दिखे हमलावर (Watch Video)
Photo- IANS

Patna Chandan Mishra Murder: पटना के चर्चित चंदन मिश्रा हत्याकांड में पुलिस को एक अहम सुराग हाथ लगा है. अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरे की मदद से कुछ ऐसी तस्वीरें सामने आई हैं, जो न सिर्फ हैरान करने वाली हैं, बल्कि अपराधियों की मनोवृत्ति को भी उजागर करती हैं. इन तस्वीरों में हत्याकांड को अंजाम देने के बाद अपराधी बाइक पर सवार होकर पिस्तौल लहराते और जश्न मनाते दिख रहे हैं. तीन युवकों की यह तस्वीर पुलिस के हाथ लगी है, जिसमें उनके चेहरे पर डर की बजाय जीत की मुस्कान नजर आ रही है.

माना जा रहा है कि यह दृश्य गोलीबारी के बाद का है, जब अपराधी फरार हो रहे थे. पुलिस इन तस्वीरों और वीडियो फुटेज की मदद से अपराधियों के भागने के रास्ते और ठिकानों की पड़ताल में जुट गई है.

ये भी पढें: Chandan Mishra Murder Case: चंदन मिश्रा हत्या मामले में फिल्मी अंदाज में अस्पताल में घुसे थे 5 लोग, सामने आया CCTV फुटेज

चंदन मिश्रा हत्याकांड में बड़ा खुलासा

हत्याकांड का मास्टरमाइंड है तौसीफ बादशाह

पटना पुलिस ने इस हत्याकांड में शामिल मुख्य अपराधी की पहचान तौसीफ बादशाह के रूप में की है. तौसीफ फुलवारी शरीफ का रहने वाला है और पेशे से कॉन्ट्रैक्ट किलर बताया जा रहा है. पुलिस रिकॉर्ड में उसके खिलाफ पहले से ही आर्म्स एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं. अब इस केस में उसकी भूमिका सामने आने के बाद उसे पकड़ने के लिए विशेष टीमें बनाई गई हैं.

पांच शूटर्स की पहचान हुई, पुलिस कर रही छापेमारी

एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने खुद इस मामले में प्रेस को जानकारी दी. उन्होंने बताया कि तौसीफ के अलावा इस वारदात में चार और शूटर शामिल थे, जिनकी पहचान आकिब मलिक, सोनू, कालू उर्फ मुस्तकीम और भिंडी उर्फ बलवंत सिंह के रूप में हुई है. अब सभी शूटर्स की आपराधिक हिस्ट्री की जांची जा रही है.

पुलिस यह भी पता लगा रही है कि यह हत्या तौसीफ ने किसी पुरानी रंजिश के चलते की, या फिर उसे सुपारी दी गई थी. जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि तौसीफ का नेटवर्क सिर्फ बिहार ही नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश तक फैला हुआ है और वह वहां भी शूटरों की व्यवस्था करता रहा है.

17 जुलाई को पारस अस्पताल में हुई थी हत्या

बता दें कि यह घटना 17 जुलाई को उस वक्त हुई, जब पटना के पारस अस्पताल में भर्ती कुख्यात अपराधी चंदन मिश्रा को गोलियों से छलनी कर दिया गया. अस्पताल के अंदर घुसकर पांच शूटरों ने सरेआम उसे मौत के घाट उतार दिया था. इस घटना ने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए थे.

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 18, 2025 10:16 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).