मुंबई से सटे ठाणे में भी भारी बारिश, बिजली की चपेट में आने से एक की मौत
ठाणे में शनिवार को भारी बारिश के दौरान बिजली की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गयी. बारिश के कारण जिले के कुछ हिस्सों में जलजमाव और बाढ़ जैसे हालात होने से जनजीवन प्रभावित है. अधिकारियों ने बताया कि मुम्ब्रा में एक बेकरी की छत ढह जाने से उसके नीचे दबकर एक व्यक्ति घायल हो गया
मुंबई: ठाणे में शनिवार को भारी बारिश के दौरान बिजली की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गयी. बारिश के कारण जिले के कुछ हिस्सों में जलजमाव और बाढ़ जैसे हालात होने से जनजीवन प्रभावित है. अधिकारियों ने बताया कि मुम्ब्रा में एक बेकरी की छत ढह जाने से उसके नीचे दबकर एक व्यक्ति घायल हो गया. निकटवर्ती पालघर जिले में भी लगातार बारिश होने के कारण अधिकारियों ने शनिवार को सभी शिक्षण संस्थानों में अवकाश की घोषणा कर दी है और परामर्श जारी कर लोगों को घरों में ही रहने की हिदायत दी है.
अधिकारियों ने बताया कि ठाणे में रातभर भारी बारिश होने से सड़कों, नालों और यहां तक कि आवासीय इलाकों में घरों में पानी भर गया है। कुछ इलाकों में पानी के तेज बहाव में वाहन भी बह गये.ठाणे महानगर निगम (टीएमसी) के क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख संतोष कदम ने बताया, ‘‘ठाणे में धर्मवीर नगर के रहने वाले 18 वर्षीय संतोष गोले अपने घर के रेफ्रीजेरेटर का प्लग निकालने के दौरान करंट की चपेट में आ गया। उसे ठाणे के सरकारी अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.’’अधिकारियों ने बताया कि अन्य घटना में जेनी कॉलोनी के मुम्ब्रा पुलिस थाना के पास स्थित एक बेकरी की छत ढह जाने से उसके नीचे दबकर एक व्यक्ति घायल हो गया। व्यक्ति को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. यह भी पढ़े: ठाणे के कलवा में बारिश का कहर, भूस्खलन से 2 लोगों की मौत, एक घायल
अधिकारियों ने बताया कि सूर्या बांध के फाटक खोल दिये गये हैं ताकि अत्यधिक पानी को छोड़ा जा सके. पालघर के जिलाधिकारी कैलाश शिंदे ने कहा कि मौसम विभाग ने शनिवार और रविवार को भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है, जिसे देखते हुए लोगों को परामर्श जारी किया गया है कि वे घरों के अंदर ही रहें और बेहद आवश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकलें। लोगों को जलजमाव वाली सड़कों, पुलों और नदियों के पास नहीं जाने की चेतावनी दी गयी है.
(The above story first appeared on LatestLY on Aug 03, 2019 02:00 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

