देश

रेवाड़ी गैंगरेप पर BJP विधायक का बेतुका बयान, कहा- बेरोजगारी के कारण युवा कर रहे है रेप

हरियाणा के उचना कलां से बीजेपी विधायक प्रेमलता ने रेवाड़ी गैंगरेप मामले में अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि "जो रेप की घटनाएं हो रही हैं उसका कारण युवाओं को रोजगार ना मिलना है. जिस कारण वे फ्रस्ट्रेट हो जाते हैं और इस तरह की घटनाओं को अंजाम देते हैं."

रेवाड़ी गैंगरेप पर BJP विधायक का बेतुका बयान, कहा- बेरोजगारी के कारण युवा कर रहे है रेप
बीजेपी विधायक प्रेमलता (Photo Credits: ANI)

चंडीगढ़ :  हरियाणा के रेवाड़ी में 19 साल की टॉपर लड़की से गैंगरेप की घटना ने देश को झकझोर कर रख दिया है. घटना के तीन दिन बाद भी अभी तक आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं. तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है. वहीं मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल का गठन कर दिया गया है. केंद्र सरकार इस मुद्दे पर पहले ही विपक्षियों और जनता के हमलों से घिरी हुई है. ऐसे में बीजेपी के अपने ही विधायक मामले में गैरजिम्मेदाराना बयान दे कर अपनी ही सरकार की मुश्किलें बढ़ा रहे हैं.

इसी कड़ी में हरियाणा के उचना कलां से बीजेपी विधायक प्रेमलता ने रेवाड़ी गैंगरेप मामले में अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि "जो रेप की घटनाएं हो रही हैं उसका कारण युवाओं को रोजगार ना मिलना है. जिस कारण वे फ्रस्ट्रेट हो जाते हैं और इस तरह की घटनाओं को अंजाम देते हैं."

उन्होंने कहा कि समाज में एक नई चीज या परंपरा शुरू हो गई है कि लड़कियों को देखते ही आदमी की नजर गलत हो जाती है. यह सब युवाओं में बेरोजगारी के तनाव के कारण हो रहा है.

बता दें कि विपक्ष केंद्र सरकार पर बेरोजगारी के लिए भी हमलावर है. ऐसे में बीजेपी के अपने विधायक इस आग को और हवा दे रहे हैं.

इस संदर्भ में जांच के लिए हरियाणा पुलिस ने एसआईटी का गठन किया है. एसआईटी मेवात एसपी नाजनीन भसीन के नेतृत्व में काम करेगी. एसआईटी ने आरोपियों के खिलाफ सुराग देने वालों के लिए 1 लाख रुपये का इनाम घोषित किया है.

मेडिकल रिपोर्ट में हुई रेप की पुष्टि 

जांच के तहत एसपी नाजनीन भसीन पीड़िता से मिलने के लिए पहुंची. इस दौरान उन्होंने मेडिकल रिपोर्ट्स में रेप की पुष्टि की. एसपी नाजनीन ने कहा कि मैंने पीड़िता से बातचीत की है. फिलहाल उसकी हालत स्थिर है. मुख्य आरोपियों की पहचान हो गई है. एसआईटी हर पहलू से मामले की जांच करेगी. बहुत जल्द सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे.

बता दें कि बुधवार को हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले में 19 साल की बोर्ड टॉपर रह चुकी छात्रा के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया था. इसमें 3 आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज हुई है लेकिन गिरफ्तारी अभी तक किसी की नहीं हुई, जिसके चलते तीनों आरोपी खुले घूम रहे हैं.

पीड़िता ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि कार में पहुंचे आरोपियों ने उसका अपहरण किया और उसे सुनसान जगह पर ले गए. वहां उन्होंने उसे नशीला पदार्थ वाली कोल्ड ड्रिंक पिलाई और गैंगरेप किया. आरोपियों ने बाद में उसे कनीना में बस अड्डे के पास छोड़ दिया.

(The above story first appeared on LatestLY on Sep 15, 2018 04:01 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).