देश

कुंभ में योगी कैबिनेट की अहम बैठक आज, होंगे कई बड़े फैसले

कुंभ के इंटीग्रेटेड कमांड सेंटर में होने वाली इस कैबिनेट बैठक के लिए ज्यादातर मंत्री सोमवार को ही प्रयागराज चले गए हैं. कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच योगी सरकार के सभी मंत्री पहली बार कुंभ के पर्व के दौरान कैबिनेट की ऐतिहासिक बैठक करेंगे.

कुंभ में योगी कैबिनेट की अहम बैठक आज, होंगे कई बड़े फैसले
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Photo Credits : IANS)

मंगलवार को प्रयागराज में कुंभ के महापर्व में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) का पूरा कैबिनेट मौजूद होगा. सुबह 11 बजे से कुंभ मेला योगी कैबिनेट की बैठक बुलाई गई है. इस बैठक के लिए प्रयागराज मेला प्रशासन अपनी पूरी तैयारी कर चुका है. कुंभ के इंटीग्रेटेड कमांड सेंटर में होने वाली इस कैबिनेट बैठक के लिए ज्यादातर मंत्री सोमवार को ही प्रयागराज चले गए हैं. कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच योगी सरकार के सभी मंत्री पहली बार कुंभ के पर्व के दौरान कैबिनेट की ऐतिहासिक बैठक करेंगे.

इस बैठक का एजेंडा क्या होगा और किन विषयों पर चर्चा होगी, इस बारे में अभी तक तस्वीर साफ नहीं है. लेकिन उम्मीद जताई जा रही है कि बैठक में कई अहम प्रस्तावों को पेश किया जाएगा. मिली जाकारी के अनुसार इस बैठक में संशोधित मेरिट के रोस्टर को मंजूरी दी जाएगी. साथ ही सवर्ण आरक्षण पर भी चर्चा होगी. इसके अलावा कैबिनेट उरी द सर्जिकल स्ट्राइक फिल्म को टैक्स फ्री करने का फैसला करेगी. मंत्रियों के लिए इस फिल्म का प्रदर्शन भी कुंभ में बैठक के बाद किया जाएगा. इसके अलावा अयोध्या में भगवान राम की दुनिया की सबसे ऊंची मूर्ति लगाने के लिए जमीन देने के प्रस्ताव को भी मंजूरी मिलेगी. यह भी पढ़ें- यूपी: ओम प्रकाश राजभर का योगी सरकार बड़ा आरोप, कहा- राम मंदिर मुद्दे पर मुख्यमंत्री लोगों को कर रहें है गुमराह

सीएम के तय कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 10 बजे प्रयागराज पहुंचेंगे. योगी और उनके सभी मंत्री सबसे पहले संगम किनारे लेटे हुए हनुमान जी की प्रतिमा के दर्शन के दर्शन के बाद अक्षय वट के दर्शन करेंगे. दर्शन के बाद ठीक 11 बजे कुंभ मेला प्राधिकरण के दफ्तर में योगी के कैबिनेट की बैठक होगी.

यह दफ्तर अपने आप में बेहद खास और आधुनिक है क्योंकि कुंभ मेले की सभी तैयारियां, उसका प्रशासनिक और सुरक्षा संबंधी सारा नियंत्रण वहीं से होता है. 12:05 बजे सीएम योगी अपने पूरी मंत्रिमंडल के साथ गंगा और यमुना के संगम में डुबकी लगाएंगे और उसके बाद तमाम अखाड़ों के प्रमुखों और महंतों से मुलाकात करेंगे. इसके बाद 4:30 बजे सीएम गणतंत्र दिवस समारोह बीटिंग रिट्रीट कार्यक्रम के लिए रिजर्व पुलिस लाइन लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगे.

(The above story first appeared on LatestLY on Jan 29, 2019 08:41 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).