08 Dec, 13:09 (IST)

Vande Mataram Debate Live Updates: लोकसभा में वंदे मातरम पर चर्चा के दौरान PM नरेंद्र मोदी ने कहा कि 1937 में मुस्लिम लीग ने वंदे मातरम का विरोध शुरू किया और मोहम्मद अली जिन्ना ने इसके खिलाफ नारे लगाए. PM मोदी के मुताबिक, उस समय कांग्रेस अध्यक्ष जवाहरलाल नेहरू ने विरोध की निंदा करने के बजाय वंदे मातरम की जांच शुरू कर दी. PM मोदी ने कहा कि यह गीत भारत की आज़ादी की आवाज़ और देश के आत्मसम्मान का प्रतीक रहा है.

08 Dec, 13:04 (IST)

Vande Mataram Debate Live Updates: लोकसभा में वंदे मातरम पर चर्चा के दौरान PM नरेंद्र मोदी ने कहा कि यह गीत आज़ादी की लड़ाई की आवाज़ बन गया था और पूरे देश को एक सूत्र में जोड़ता था. उन्होंने कहा कि उस समय भारत को कमजोर दिखाने की कोशिशें हो रही थीं, लेकिन बंकिमचंद्र ने यह गीत लिखकर देश की चेतना को झकझोर दिया. PM मोदी के अनुसार वंदे मातरम ने हजारों साल की हमारी विरासत को फिर से जीवित किया.

08 Dec, 13:01 (IST)

Vande Mataram Debate Live Updates: लोकसभा में वंदे मातरम पर बोलते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूछा कि अगर यह गीत इतना लोकप्रिय और प्रेरणादायक था, तो पिछली सदी में इसके साथ नाइंसाफी क्यों की गई. PM मोदी ने कहा कि महात्मा गांधी ने 1905 में लिखा था कि वंदे मातरम राष्ट्रीय गीत के रूप में उभर चुका है, फिर कौन-सी ताकतें थीं जिन्होंने इसे दबाया.

08 Dec, 12:57 (IST)

Vande Mataram Debate Live Updates: लोकसभा में वंदे मातरम पर चर्चा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि अंग्रेज़ हुकूमत इस गीत के प्रभाव से इतनी भयभीत थी कि उन्होंने इसे छापने और फैलाने पर कानून बनाकर प्रतिबंध लगा दिया था. PM मोदी ने बताया कि वंदे मातरम उस दौर में आज़ादी की लड़ाई की सबसे बड़ी प्रेरणा बन गया था.

08 Dec, 12:55 (IST)

Vande Mataram Debate Live Updates: लोकसभा में वंदे मातरम के 150 साल पर बोलते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि यह गीत सिर्फ राजनीतिक आज़ादी का मंत्र नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक आत्मा का आधुनिक स्वरूप है. उन्होंने कहा कि वेदों में भूमि को मां माना गया और भगवान राम ने भी जन्मभूमि को स्वर्ग से श्रेष्ठ बताया. इसी भावना को वंदे मातरम ने नए युग में आगे बढ़ाया.

08 Dec, 12:52 (IST)

Debate over Vande Mataram: लोकसभा में वंदे मातरम् पर चल रही बहस के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हम सब आज यहां इसलिए बैठे हैं क्योंकि लाखों स्वतंत्रता सेनानियों ने वंदे मातरम् का नारा लगाकर आज़ादी की लड़ाई लड़ी. पीएम मोदी ने इसे देश की आज़ादी का प्रेरणा स्रोत बताते हुए इसे सम्मान देने की जरूरत पर जोर दिया.

Vande Mataram Debate Live Updates: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज लोकसभा में ‘वंदे मातरम्’ के 150 साल पूरे होने पर ऐतिहासिक चर्चा की शुरुआत की. उन्होंने कहा कि वंदे मातरम् कोई साधारण गीत नहीं, बल्कि आजादी का ऊर्जा मंत्र है. उन्होंने याद दिलाया कि जब इस गीत ने 50 साल पूरे किए थे, तब भारत अंग्रेजी शासन की बेड़ियों में कैद था. और जब यह गीत 100 साल का हुआ, तब देश आपातकाल के काले दौर से गुजर रहा था, जहां देशभक्ति की आवाज दबाई जा रही थी.

ये भी पढें: ande Mataram Debate: ‘वंदे मातरम्’ कोई साधारण गीत नहीं, बल्कि आजादी का ऊर्जा मंत्र है; लोकसभा में बोले पीएम मोदी

वंदे मातरम की यात्रा पर PM मोदी का बड़ा संदेश

'वंदे मातरम ने स्वतंत्रता की ज्वाला जलाई'

PM मोदी ने कहा कि आज जब वंदे मातरम 150 साल पूरे कर रहा है, तो यह सिर्फ जश्न का मौका नहीं बल्कि उस गौरव और त्याग को फिर से याद करने का अवसर है जिसने भारत को स्वतंत्रता की राह दिखाई. उन्होंने बताया कि यह गीत 1947 तक करोड़ों भारतीयों के भीतर स्वतंत्रता की ज्वाला जगाने वाला मंत्र बना रहा.

वंदे मातरम ने पूरे देश को जोड़ा: PM मोदी

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि वंदे मातरम सिर्फ एक गीत नहीं, बल्कि पूरे देश को उत्तर से दक्षिण और पूर्व से पश्चिम तक एक सूत्र में बांधने वाली भावना है. उन्होंने कहा कि आज समय है कि देश फिर से एक साथ खड़ा हो, और स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों को पूरा करने के लिए नए संकल्प के साथ आगे बढ़े.

PM मोदी ने कहा कि इस गीत ने लोगों को त्याग, संघर्ष और देशभक्ति का रास्ता दिखाया. अब इसी भावना के साथ भारत को 2047 तक आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य सबको मिलकर पूरा करना होगा.

'देश एक साथ मना रहा कई बड़ी तिथियां'

PM मोदी ने अपने भाषण में यह भी कहा कि यह समय कई ऐतिहासिक मौकों को साथ मिलकर मनाने का है. हाल ही में देश ने संविधान के 75 साल पूरे किए हैं. वहीं सरदार पटेल और बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती भी इसी वर्ष मनाई जा रही है. साथ ही गुरु तेग बहादुर जी का 350वां शहीदी दिवस भी देश याद कर रहा है.

प्रधानमंत्री ने कहा कि इतने महत्वपूर्ण पड़ावों के बीच वंदे मातरम के 150 साल पूरा होना देशवासियों के लिए गर्व का क्षण है. उन्होंने कहा कि यह गीत आज भी उतनी ही ऊर्जा और प्रेरणा देता है जितना आज़ादी के संघर्ष के समय देता था.