देश

महाराष्ट्र विधानसभा का विशेष सत्र: प्रोटेम स्पीकर कालीदास कोलंबकर ने विधायकों को दिलाई शपथ

महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने बुधवार को विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया है जहां प्रोटेम स्पीकर कालीदास कोलंबकर द्वारा 288 नवनियुक्त सदस्यों को शपथ दिलाई जा रही है. महाराष्ट्र विधानसभा का यह सत्र सुबह आठ बजे से शुरू हुआ है. राज्यपाल कोश्यारी ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर कालीदास कोलंबकर को मंगलवार शाम प्रोटेम स्पीकर नियुक्त किया.

महाराष्ट्र विधानसभा का विशेष सत्र: प्रोटेम स्पीकर कालीदास कोलंबकर ने विधायकों को दिलाई शपथ
महाराष्ट्र विधानसभा में शपथ ले रहे विधायक (Photo Credits: ANI)

महाराष्ट्र (Maharashtra) के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी (Governor Bhagat Singh Koshyari) ने बुधवार को विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया जहां प्रोटेम स्पीकर कालीदास कोलंबकर (Pro-tem Speaker Kalidas Kolambkar) द्वारा नवनियुक्त सदस्यों को शपथ दिलाई गई. महाराष्ट्र विधानसभा का यह सत्र सुबह आठ बजे से शुरू हुआ. राज्यपाल कोश्यारी ने सुप्रीम कोर्ट (Supreme Court) के आदेश पर कालीदास कोलंबकर को मंगलवार शाम प्रोटेम स्पीकर नियुक्त किया था. महाराष्ट्र विधानसभा के इस विशेष सत्र में पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी नेता देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadnavis), एनसीपी नेता अजित पवार और सुप्रिया सुले (Supriya Sule) मौजूद रहे.

इसके अलावा उद्धव ठाकरे (Uddhav Thackeray) के बेटे और मुंबई (Mumbai) के वर्ली सीट से विधायक आदित्य ठाकरे (Aaditya Thackeray) महाराष्ट्र विधानसभा के विशेष सत्र में मौजूद रहे. दरअसल, महाराष्ट्र में चल रही राजनीतिक उथल-पुथल के कारण नवनिर्वाचित विधायक विधानसभा परिणाम घोषित किए जाने के एक महीने बाद भी शपथ ग्रहण नहीं कर पाए थे. यह भी पढ़ें- उद्धव ठाकरे बनेंगे महाराष्ट्र के अगले मुख्यमंत्री: जानिए मातोश्री से वर्षा तक का उनका सफर.

उल्लेखनीय है कि किसी भी राजनीतिक दल के सरकार गठित नहीं कर पाने के कारण राज्य में 12 नवंबर से 23 नवंबर तक 13 दिन के लिए राष्ट्रपति शासन लागू रहा. सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को देवेंद्र फडणवीस सरकार को शक्ति परीक्षण का आदेश दिया और राज्यपाल कोश्यारी को प्रोटेम स्पीकर नियुक्त करने और यह सुनिश्चित करने को कहा कि सदन के सभी निर्वाचित सदस्यों को बुधवार शाम पांच बजे तक शपथ ग्रहण करा दी जाए.

हालांकि, बीजेपी नीत सरकार मंगलवार दोपहर बाद उस समय गिर गई जब एनसीपी नेता अजित पवार ने उपमुख्यमंत्री पद से और उनके बाद देवेंद्र फडणवीस ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया. अजित पवार के समर्थन से बीजेपी ने 23 नवंबर को सरकार बनाई थी.

(The above story first appeared on LatestLY on Nov 27, 2019 08:38 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).