देश

महाराष्ट्र: शिवसेना, कांग्रेस और एनसीपी की बैठक के बाद बोले एकनाथ शिंदे- न्यूनतम साझा कार्यक्रम पर ड्राफ्ट तैयार, हाईकमान लेगा आखिरी फैसला

महाराष्ट्र में सरकार गठन के लिए संभावित गठजोड़ को अंतिम रूप देने से पहले कांग्रेस, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) और शिवसेना के नेताओं ने गुरुवार को न्यूनतम साझा कार्यक्रम तैयार करने के लिए मुंबई में बैठक की. बैठक के बाद शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे ने कहा कि न्यूनतम साझा कार्यक्रम पर चर्चा हुई. एक ड्राफ्ट तैयार किया गया है.

महाराष्ट्र: शिवसेना, कांग्रेस और एनसीपी की बैठक के बाद बोले एकनाथ शिंदे- न्यूनतम साझा कार्यक्रम पर ड्राफ्ट तैयार, हाईकमान लेगा आखिरी फैसला
एकनाथ शिंदे (Photo Credits: ANI)

महाराष्ट्र (Maharashtra) में सरकार गठन के लिए संभावित गठजोड़ को अंतिम रूप देने से पहले कांग्रेस (Congress), राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) और शिवसेना (Shiv Sena) के नेताओं ने गुरुवार को न्यूनतम साझा कार्यक्रम (Common Minimum Programme) तैयार करने के लिए मुंबई (Mumbai) में बैठक की. बैठक के बाद शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे (Eknath Shinde) ने कहा कि न्यूनतम साझा कार्यक्रम पर चर्चा हुई. एक ड्राफ्ट (Draft) तैयार किया गया है. तीनों पार्टियों के हाईकमान (High Command)को यह ड्राफ्ट भेजा जाएगा. हाईकमान ही इस पर आखिरी फैसला (Final Decision) लेगा. उधर, एनसीपी के सूत्रों ने बताया कि पार्टी अध्यक्ष शरद पवार (Sharad Pawar) के 17 नवंबर को दिल्ली (Delhi) में कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) से मुलाकात करने की संभावना है.

कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि कांग्रेस-एनसीपी गठबंधन और शिवसेना के नेताओं ने मुंबई में सरकार के साझा एजेंडे पर सहमति बनाने के लिए मुलाकात की. इस साझा एजेंडे को न्यूनतम साझा कार्यक्रम कहा जाएगा. उन्होंने बताया कि न्यूनतम साझा कार्यक्रम के मसौदे को अंतिम रूप देने से पहले तीनों दलों के सर्वोच्च नेताओं से मंजूरी की जरूरत होगी. यह भी पढ़ें- शिवसेना के साथ गठबंधन टूटने पर अमित शाह ने तोड़ी चुप्पी, कहा- चुनाव बाद उन्होंने जो शर्तें रखी, वो हमें मंजूर नहीं.

दरअसल, शिवसेना द्वारा समर्थन मांगे जाने के बाद गुरुवार को पहली बार कांग्रेस-एनसीपी और शिवसेना तीनों दलों के नेताओं ने सरकार गठन के लिए चर्चा की. बैठक में महाराष्ट्र एनसीपी अध्यक्ष जयंत पाटिल, एनसीपी नेता छगन भुजबल और पार्टी के मुख्य प्रवक्ता नवाब मलिक, कांग्रेस नेता पृथ्वीराज चव्हाण, माणिकराव ठाकरे और विजय वडेट्टिवार व शिवसेना के एकनाथ शिंदे व सुभाष देसाई शामिल हुए.

बीते कुछ दिनों से नजर आ रही गहमा-गहमी से इतर गुरुवार को हुई राजनीतिक वार्ता मीडिया की चकाचौंध से दूर हुई. एनसीपी सूत्रों ने कहा कि शरद पवार और सोनिया गांधी के बीच 17 नवंबर को नई दिल्ली में मुलाकात होने और शिवसेना के साथ गठबंधन में सरकार बनाने पर चर्चा की उम्मीद है. उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी और शरद पवार के बीच बैठक के दौरान न्यूनतम साझा कार्यक्रम मसौदे पर चर्चा होगी.

(The above story first appeared on LatestLY on Nov 14, 2019 11:47 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).