कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने अलवर सामूहिक दुष्कर्म पीड़िता से की मुलाकात, न्याय दिलाने का किया वादा
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने गुरुवार को अलवर में सामूहिक दुष्कर्म पीड़िता से मुलाकात की और उन्हें तथा उनके परिवार को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया...
जयपुर: कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने गुरुवार को अलवर में सामूहिक दुष्कर्म पीड़िता से मुलाकात की और उन्हें तथा उनके परिवार को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया. थानागाजी में पीड़िता से मुलाकात के बाद संवाददाताओं से उन्होंने कहा कि यह उनके लिए भावुक मुद्दा है ना कि राजनीतिक मुद्दा. गांधी ने कहा, "पीड़िता को न्याय जरूर मिलेगा. आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. मैं यहां पीड़िता के परिवार से मिलने आया हूं ना कि कोई राजनीति करने. मैंने यहां जो भी कहा है उसे अमल में लाऊंगा."
उन्होंने कहा, "हम ऐसी चीजें बर्दाश्त नहीं कर सकते. मुझे जैसे ही यह मामला पता चला, मैंने गहलोत (मुख्यमंत्री अशोक गहलोत) से बात की. हम ना सिर्फ राजस्थान की जनता बल्कि पूरे देश को एक सख्त संदेश देना चाहते हैं जिससे ऐसे कृत्य दोबारा ना हों."
इस दौरान गांधी के साथ गहलोत, उपमुख्यमंत्रीसचिन पायलट, पार्टी के प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे और कांग्रेस के अलवर से लोकसभा उम्मीदवार जितेंद्र भंवर सिंह थे. गांधी अलवर में बुधवार को आने वाले थे लेकिन खराब मौसम के कारण वे नहीं आ सके. गांधी के आने से पहले पीड़िता के परिवार ने कहा कि वे दंपत्ति को रोजगार देने की मांग करेंगे जिससे पीड़िता और उनके पति ऐसी जगह जाकर रह सकें जहां उन्हें कोई ना जानता हो.
(The above story first appeared on LatestLY on May 16, 2019 02:19 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

