देश

2019 में मुलायम का सबसे करीबी शख्स ही उनके खिलाफ लड़ सकता है चुनाव

बता दें कि हाल ही में लखनऊ में संपन्न हुए योगी सरकार के ग्राउंड ब्रेकिंग सेरिमनी में अमर सिंह भगवा कुरता पहनकर पहुंचे थे. इसके बाद से ही चर्चाओं का बाजार गर्म है.

2019 में मुलायम का सबसे करीबी शख्स ही उनके खिलाफ लड़ सकता है चुनाव
मुलायम सिंह यादव

लखनऊ: एक ओर जहां समाजवादी पार्टी 2019 आम चुनावों में मायावती के साथ गठबंधन करने जा रही है तो वहीं आजमगढ़ में मुलायम सिंह को अपने ही सबसे करीबी से चुनौती मिल सकती हैं. कभी मुलायम सिंह के सबसे करीब रहे अमर सिंह अगले साल होने वाले आम चुनावों में मुलायम सिंह के खिलाफ चुनाव लड़ सकते हैं. उत्तर प्रदेश में बीजेपी की सहयोगी पार्टी सुहैलदेव भारतीय समाज पार्टी (एसबीएसपी) ने पूर्व अमर सिंह को पार्टी में शामिल होने के लिए आमंत्रण दिया है. पार्टी ने आजमगढ़ से अमर सिंह को लोकसभा चुनाव लड़ने का प्रस्ताव भी दिया है. मुलायम सिंह वहां से मौजूदा सांसद हैं.

बता दें कि हाल ही में लखनऊ में संपन्न हुए योगी सरकार के ग्राउंड ब्रेकिंग सेरिमनी में अमर सिंह भगवा कुर्तों पहनकर पहुंचे थे. इसके बाद से ही चर्चाओं का बाजार गर्म है. वहीं पीएम मोदी ने भी अपने भाषण में बार-बार उनका नाम लिया था. एसबीएसपी मुखिया और यूपी कैबिनेट में मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने मंगलवार को कहा कि अमर सिंह बड़े नेता हैं और अगर वह आजमगढ़ से 2019 चुनाव लड़ना चाहते हैं तो हम खुशी-खुशी उन्हें ऑफर करेंगे. उन्होंने यह भी कहा कि एसबीएसपी के दरवाजे हमेशा उनके लिए खुले हैं. वैसे एसबीएसपी पर अमर सिंह ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी हैं.

2014 लोकसभा चुनाव में यह सीट मुलायम सिंह ने बीजेपी के रमाकांत यादव को हराकर अपने नाम की थी. वैसे अब तक ये फैसला नहीं हुआ है कि मुलायम दोबारा इस सीट से चुनाव लड़ेंगे या नहीं.  एनडीए के सहयोगी दलों के बीच सीटों का बंटवारा होना भी अभी बाकी है.

(The above story first appeared on LatestLY on Aug 01, 2018 03:08 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).