PM Modi Meerut Visit: पीएम मोदी की बड़ी सौगात, आज मेरठ मेट्रो और नमो भारत ट्रेन का करेंगे उद्घाटन

धानमंत्री नरेंद्र मोदी आज मेरठ में देश की सबसे तेज मेरठ मेट्रो और 82 किलोमीटर लंबे दिल्ली-मेरठ नमो भारत (RRTS) कॉरिडोर का उद्घाटन करेंगे. इससे दिल्ली और मेरठ के बीच यात्रा का समय घटकर मात्र 50-60 मिनट रह जाएगा.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Photo Credits: X)

PM Modi Meerut Visit:  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) आज, 22 फरवरी 2026 को उत्तर प्रदेश के मेरठ का दौरा करेंगे. इस दौरान वे देश की सबसे तेज मेट्रो सेवा 'मेरठ मेट्रो' और 'नमो भारत' (RRTS) के पूरे 82 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर का उद्घाटन करेंगे. दोपहर लगभग 12:30 बजे प्रधानमंत्री शताब्दी नगर स्टेशन से इन ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे और स्वयं मेरठ दक्षिण स्टेशन तक मेट्रो की सवारी भी करेंगे.

82 किलोमीटर लंबा कॉरिडोर अब पूरी तरह तैयार

इस उद्घाटन के साथ ही दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर अब पूरी तरह से चालू हो जाएगा. अब तक इस रूट का केवल 55 किलोमीटर हिस्सा ही परिचालन में था. आज से दिल्ली के सराय काले खां से न्यू अशोक नगर (5 किमी) और मेरठ दक्षिण से मोदीपुरम (21 किमी) के शेष हिस्सों को भी जनता के लिए खोल दिया जाएगा. यह भी पढ़े:  Government Jobs: एसएससी जेई, बैंक ऑफ इंडिया और यूपी मेट्रो में भर्ती, यहां जानें वैकेंसी से जुड़ी जरूरी डीटेल

यह भारत का पहला रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (RRTS) है, जो 180 किमी प्रति घंटे की डिजाइन स्पीड के साथ बनाया गया है. पूरे कॉरिडोर के शुरू होने से दिल्ली से मेरठ की दूरी अब 1 घंटे से भी कम समय में तय की जा सकेगी.

देश की सबसे तेज मेट्रो

मेरठ मेट्रो भारत की सबसे तेज मेट्रो प्रणाली होगी, जिसकी अधिकतम परिचालन गति 120 किमी प्रति घंटा है. यह मेट्रो मेरठ दक्षिण से मोदीपुरम के बीच 21 किलोमीटर की दूरी को महज 30 मिनट में कवर करेगी.

इस परियोजना की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि 'नमो भारत' और 'मेरठ मेट्रो' दोनों एक ही बुनियादी ढांचे (इंफ्रास्ट्रक्चर) पर चलेंगी. यह दुनिया में अपनी तरह का एक अनूठा उदाहरण है, जहां इंटर-सिटी और इंट्रा-सिटी ट्रेनों को एक ही ट्रैक पर एकीकृत किया गया है.

सराय काले खां बनेगा बड़ा ट्रांसपोर्ट हब

सराय काले खां स्टेशन इस कॉरिडोर का प्रमुख केंद्र होगा. इसे एक 'मल्टी-मॉडल हब' के रूप में विकसित किया गया है, जो हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन, दिल्ली मेट्रो की पिंक लाइन, अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (ISBT) और रिंग रोड को एक साथ जोड़ेगा. इससे यात्रियों को एक माध्यम से दूसरे माध्यम में जाने में बेहद आसानी होगी.

विकास परियोजनाओं की सौगात

ट्रेन सेवाओं के उद्घाटन के अलावा, प्रधानमंत्री मेरठ में लगभग 12,930 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण भी करेंगे. इसके बाद वे एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे, जिसमें क्षेत्र के बुनियादी ढांचे और आर्थिक विकास को लेकर सरकार की भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की जा सकती है.

ये परियोजनाएं न केवल सड़क पर यातायात के दबाव को कम करेंगी, बल्कि कार्बन उत्सर्जन में कमी लाकर पर्यावरण संरक्षण में भी मददगार साबित होंगी.

Share Now

\