देश

ChatGPT की सलाह ने पहुंचाया अस्पताल, नमक छोड़ने से बिगड़ी 60 वर्षीय शख्स तबीयत

अमेरिका में एक 60 वर्षीय व्यक्ति ने अपनी सेहत सुधारने के लिए ChatGPT की सलाह पर अपने खाने से नमक (सोडियम क्लोराइड) पूरी तरह हटाने का फैसला किया. शख्स को ChatGPT की सलाह बेहद भारी पड़ी, इसका नतीजा बेहद खतरनाक निकला.

ChatGPT की सलाह ने पहुंचाया अस्पताल, नमक छोड़ने से बिगड़ी 60 वर्षीय शख्स तबीयत
Photo- @ChatGPTapp/X

अमेरिका में एक 60 वर्षीय व्यक्ति ने अपनी सेहत सुधारने के लिए ChatGPT की सलाह पर अपने खाने से नमक (सोडियम क्लोराइड) पूरी तरह हटाने का फैसला किया. शख्स को ChatGPT की सलाह बेहद भारी पड़ी, इसका नतीजा बेहद खतरनाक निकला. AI की दी गई जानकारी के आधार पर उन्होंने नमक की जगह सोडियम ब्रोमाइड का सेवन शुरू कर दिया, जो ज्यादा मात्रा में जहर साबित हो सकता है.

रिपोर्ट के मुताबिक, व्यक्ति ने इंटरनेट से सोडियम ब्रोमाइड मंगाकर करीब तीन महीने तक इसका इस्तेमाल किया. यह वही केमिकल है जिसे 1900 के शुरुआती दौर में दवाओं में प्रयोग किया जाता था, लेकिन इसके खतरनाक असर सामने आने के बाद इसे बंद कर दिया गया.

अजीब लक्षण और अस्पताल में भर्ती

धीरे-धीरे उनके शरीर में जहर फैलने लगा. उन्हें भ्रम, पैरानॉयिया, अत्यधिक प्यास, त्वचा पर लाल धब्बे और मुहांसे जैसे लक्षण दिखने लगे. हालत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने ब्रोमाइड टॉक्सिसिटी (Bromism) की पुष्टि की एक ऐसी बीमारी जो अब बेहद दुर्लभ है.

डॉक्टरों की चेतावनी

डॉक्टरों ने साफ कहा कि यह घटना AI से मिलने वाली स्वास्थ्य संबंधी गलत जानकारी के खतरों को उजागर करती है. ChatGPT और अन्य AI प्लेटफॉर्म कभी-कभी वैज्ञानिक रूप से गलत या अधूरी जानकारी दे सकते हैं, जो गंभीर नतीजे ला सकती है.

OpenAI की शर्तें भी करती हैं आगाह

ChatGPT बनाने वाली कंपनी OpenAI अपनी शर्तों में पहले ही चेतावनी देती है. हमारी सेवाओं के आउटपुट को एकमात्र सच या तथ्यात्मक जानकारी के रूप में न मानें. किसी भी स्वास्थ्य समस्या के निदान या इलाज के लिए AI का उपयोग न करें.

यह मामला इस बात की सख्त याद दिलाता है कि ऑनलाइन या AI से मिली स्वास्थ्य सलाह को अपनाने से पहले विशेषज्ञ डॉक्टर से जरूर सलाह लें. खासकर जब बात खाने-पीने, दवा या केमिकल के सेवन की हो.

(The above story first appeared on LatestLY on Aug 08, 2025 11:17 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).