देश

Jharkhand: चंपई सोरेन सरकार का फ्लोर टेस्ट आज, पूर्व CM हेमंत सोरेन भी होंगे शामिल

झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र में मुख्यमंत्री चंपई सोरेन (Champai Soren) सोमवार 5 फरवरी को विश्वास मत हासिल करेंगे. विश्वास मत हासिल करने के पहले हैदराबाद से जेएमएम-कांग्रेस के सभी विधायक रविवार देर शाम वापस लौट रांची पहुंच गए.

Jharkhand: चंपई सोरेन सरकार का फ्लोर टेस्ट आज, पूर्व CM हेमंत सोरेन भी होंगे शामिल

रांची: झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र में मुख्यमंत्री चंपई सोरेन (Champai Soren) सोमवार 5 फरवरी को विश्वास मत हासिल करेंगे. विश्वास मत हासिल करने के पहले हैदराबाद से जेएमएम-कांग्रेस के सभी विधायक रविवार देर शाम वापस लौट रांची पहुंच गए. नए मुख्यमंत्री चंपई सोरेन राज्य विधानसभा में विश्वास मत हासिल करने के लिए अपनी सरकार का नेतृत्व करेंगे. झारखंड विधानसभा में सोमवार को होने वाले विश्वास मत से पहले झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेतृत्व वाले गठबंधन के विधायकों ने विधानसभा में विश्वास मत हासिल कर लेने का विश्वास जताया. झारखंड में चंपई सोरेन के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार को दो-दिवसीय विधानसभा सत्र के पहले दिन सोमवार को विश्वास मत हासिल करना है.

हैदराबाद में फाइव स्टार होटल में लिफ्ट से लेकर लॉन तक में जेएमएम-कांग्रेस विधायकों पर कड़ी नजर रखी जा रही थी. विधायक एक विशेष विमान से यहां बिरसा मुंडा हवाई अड्डे पर उतरे और उन्हें दो बसों में शहर के सर्किट हाउस ले जाया गया.

राज्य के मंत्री आलमगीर आलम ने कहा, ‘‘हमारे विधायक एकजुट हैं... हमारे पास 48 से 50 विधायकों का समर्थन है.’’ झामुमो विधायक मिथिलेश ठाकुर ने भी दावा किया कि झामुमो के नेतृत्व वाला गठबंधन विश्वास मत हासिल कर लेगा. उन्होंने दावा किया, ‘‘राज्य में बीजेपी के कई विधायक भी गठबंधन के समर्थन में हैं.’’

हालांकि, बीजेपी के मुख्य सचेतक बिरंची नारायण ने कहा कि गठबंधन सरकार सोमवार को विश्वास मत हासिल नहीं कर पाएगी. उन्होंने कहा कि हैदराबाद में विधायकों को कड़ी निगरानी में रखा गया था, जिससे पता चलता है कि उन्हें जीत का भरोसा नहीं है.

चंपई सोरेन को दो फरवरी को राजभवन में राज्यपाल सी पी राधाकृष्णन ने पद की शपथ दिलायी थी. उनके साथ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आलमगीर आलम और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता सत्यानंद भोक्ता ने मंत्री पद की शपथ ली थी. उससे पहले बुधवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को धनशोधन मामले में गिरफ्तार कर लिया था. पीएमएलए (धनशोधन रोकथाम अधिनियम) से संबंधित मामलों की सुनवाई वाली एक विशेष अदालत ने हेमंत सोरेन को विश्वास मत में भाग लेने की अनुमति दे दी है. शुक्रवार को अदालत ने हेमंत सोरेन को पांच दिनों के लिए ईडी की हिरासत में भेज दिया था.

81 सदस्यीय झारखंड विधानसभा में ‘झामुमो-कांग्रेस-राजद’ गठबंधन के 47 विधायक हैं और इसे सीपीआईएमएल (एल) के एक विधायक का बाहर से समर्थन प्राप्त है.

(The above story first appeared on LatestLY on Feb 05, 2024 08:34 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).