त्योहार

हरियाणा सरकार का फैसला, 24 मई को महर्षि कश्यप के प्रकाशोत्सव पर करनाल में होगा भव्य कार्यक्रम का आयोजन

महर्षि कश्यप के प्रकाशोत्सव पर करनाल की अनाज मंडी में आयोजित किए जाने वाले राज्य स्तरीय समारोह की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं.कार्यक्रम को लेकर वालंटियर्स को ड्यूटियां सौंपी गई हैं

हरियाणा सरकार का फैसला, 24 मई को महर्षि कश्यप के प्रकाशोत्सव पर करनाल में होगा भव्य कार्यक्रम का आयोजन
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल (Photo Credits: ANI)

चंडीगढ़: महर्षि कश्यप के प्रकाशोत्सव पर करनाल की अनाज मंडी में आयोजित किए जाने वाले राज्य स्तरीय समारोह की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं.कार्यक्रम को लेकर वालंटियर्स को ड्यूटियां सौंपी गई हैं. इसके अलावा विभिन्न धार्मिक संस्थाओं एवं संगठनों के लोग भी कार्यक्रम की सफलता के लिए अपनी भूमिका निभाएंगे. समारोह के लिए प्रदेशभर के लोगों को न्यौता दिया गया है. प्रदेशभर से हजारों लोगों के यहां पहुंचने की उम्मीद है.

महर्षि कश्यप जयंती समारोह में मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल मुख्यातिथि होंगे। इस अवसर पर करनाल के सांसद संजय भाटिया मौजूद रहेंगे.  कार्यक्रम में इंद्री हलके के विधायक रामकुमार कश्यप और घरौंडा के विधायक हरविंद्र कल्याण की विशेष उपस्थिति रहेगी. मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने कहा कि उन्हें खुशी है कि लोगों में महर्षि कश्यप जयंती समारोह में पहुंचने लिए भारी उत्साह देखने को मिल रहा है.  उन्होंने कहा कि सभी लोग इस भव्य आयोजन में शामिल हों तथा महर्षि कश्यप द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलने का प्रयास करें. यह भी पढ़े: Haryana: हरियाणा सरकार ने महर्षि कश्यप जयंती को सरकारी तौर पर मनाने का लिया फैसला

उल्लेखनीय है कि यह कार्यक्रम हरियाणा सरकार के सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग द्वारा आयोजित किया जा रहा है। प्रदेश सरकार द्वारा महापुरुषों के इतिहास एवं उनके द्वारा बताए गए मार्ग को जन-जन तक पहुंचाने के लिए कई कदम उठाए गए हैं. इसके लिए 'संत-महापुरुष विचार सम्मान एवं प्रसार योजना' शुरू की गई है। इसके जरिए महान विभूतियों की शिक्षाएं पूरे समाज में फैलाई जा रही हैं। महर्षि कश्यप के अलावा संत कबीर दास जी, महर्षि वाल्मीकि, डॉ. भीमराव अम्बेडकर और गुरु रविदास जी आदि की जयंती को राज्य स्तर पर मनाया जाता है.

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने 'आजादी का अमृत महोत्सव' के अन्तर्गत श्री गुरु तेग बहादुर जी के 400वें प्रकाश वर्ष को देश भर में मनाने का निर्णय लिया. इसी कड़ी में गत 24 अप्रैल को पानीपत में राज्य स्तरीय समारोह का आयोजन किया गया। इसी तरह, प्रदेश में श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व और श्री गुरु गोविन्द सिंह जी के 350वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में भी राज्य स्तरीय आयोजन किये गए.

(The above story first appeared on LatestLY on May 23, 2022 03:34 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).